नयी दिल्ली : कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के नए उप मुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता द्वारा कठुआ की घटना को ‘छोटी सी घटना’ बताए जाने की आलोचना करते हुए आज कहा कि एक फिर साबित हुआ कि भाजपा ने ‘बेटी बचाओ’ का नारा नहीं, बल्कि चेतावनी दी थी। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर में भाजपा के नये उप मुख्यमंत्री कठुआ की दरिंदगी का मज़ाक़ उड़ाते है, उसे ‘छोटी सी घटना’ बताते हैं। अब फिर साबित हुआ कि भाजपा ने “बेटी बचाओ” का नारा नहीं चेतावनी दी थी !’’
दरअसल, उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ ही घंटे बाद कवींद्र गुप्ता ने आज यह कहकर विवाद पैदा कर दिया कि कठुआ बलात्कार एवं हत्याकांड ‘छोटी-मोटी’ घटना है जिसे बहुत बढ़ा-चढ़कर पेश किया गया। गुप्ता ने कहा, ‘‘यह (कठुआ बलात्कार एवं हत्याकांड) छोटी सी घटना है। हमें इस पर विचार करना होगा ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृति न हो। ’’ उनसे सवाल किया गया था कि क्या सत्तारुढ़ गठबंधन कठुआ बलात्कार एवं हत्याकांड में दबाव में है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



