Delhi-NCR में तेज बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Summary :

दिल्ली में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं की चेतावनी

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें 50-70 किमी प्रति घंटा की तेज हवाओं के साथ हल्की से तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। इस कारण जलभराव और यातायात में बाधा की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हल्की से तेज बारिश के साथ तेज आंधी देखने को मिल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी के साथ 50-60 किमी प्रति घंटा तेज हवा चलने की चेतावनी भी दी गई है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, पूरे दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शहर के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम में आए बदलाव के बाद ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को, दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और 60 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चली।

Delhi: CM रेखा गुप्ता ने LNJP अस्पताल में तीन स्वास्थ्य परियोजनाओं का किया उद्घाटन

आईएमडी ने कहा कि शुक्रवार को 70 किमी/घंटा तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश की वजह से दिल्ली-एनसीआर में जलभराव, यातायात में बाधा और बुनियादी ढांचे को मामूली नुकसान की संभावना बढ़ सकती है। ऑरेंज अलर्ट तब जारी किया जाता है जब भारी बारिश की आशंका होती है, जो आमतौर पर 24 घंटों के भीतर 115.6 मिमी से अधिक और 204.4 मिमी तक होती है। दिल्ली में इस साल मई में अब तक 186.4 मिमी बारिश हो चुकी है, जिससे यह शहर के लिए अब तक का सबसे अधिक बारिश वाला मई बन गया है। यह अनियमित वर्षा पैटर्न दक्षिण-पश्चिम मानसून के समय से पहले पहुंचने से जुड़ा है, जो तय समय से एक सप्ताह पहले 24 मई को केरल पहुंचा था, और मुंबई में 26 मई को पहुंचा था, जो 11 जून की अपनी सामान्य तिथि से काफी पहले था।

इस बीच, दिल्ली की वायु गुणवत्ता गुरुवार को ‘मध्यम’ श्रेणी में रही, और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम 4 बजे 151 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले इसी समय मापे गए 133 से थोड़ा खराब था। गुरुवार को शाम को हुई बारिश से कुछ समय के लिए राहत मिली। हालांकि, बारिश इतनी तेज नहीं थी कि मौजूदा उमस और गर्मी को कम कर सके। आईएमडी ने निवासियों को तूफानी मौसम के दौरान घर के अंदर रहने, पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने, तथा दुर्घटनाओं या क्षति से बचने के लिए बाहर पड़ी वस्तुओं को सुरक्षित रखने की सलाह दी है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.