फ्रांस में ‘भारत इनोवेट्स 2026’ में छाया IIT दिल्ली, भारत-फ्रांस साझेदारी को मिली नई मजबूती

Summary :

India Innovates 2026 in France : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली ने फ्रांस के नीस शहर में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स 2026’ में अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। 14 से 16 जून तक आयोजित इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने किया। भारत सरकार की प्रमुख नवाचार पहल ‘भारत इनोवेट्स 2026’ में भारत और दुनिया भर के उच्च शिक्षण संस्थानों, तकनीकी संस्थानों, स्टार्टअप्स, निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य गहन प्रौद्योगिकी (डीप-टेक), नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र…

India Innovates 2026 in France : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली ने फ्रांस के नीस शहर में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स 2026’ में अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। 14 से 16 जून तक आयोजित इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने किया।

भारत सरकार की प्रमुख नवाचार पहल ‘भारत इनोवेट्स 2026’ में भारत और दुनिया भर के उच्च शिक्षण संस्थानों, तकनीकी संस्थानों, स्टार्टअप्स, निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य गहन प्रौद्योगिकी (डीप-टेक), नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

“यह साझेदारी नई ऊंचाइयों तक ले जा रही”

इस अवसर पर राष्ट्रपति मैक्रों ने IIT दिल्ली और सोरबोन यूनिवर्सिटी के बीच चल रही साझेदारी को भारत-फ्रांस सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी उच्च शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी IIT दिल्ली के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष हरीश साल्वे की सराहना करते हुए उन्हें ‘भारत इनोवेट्स’ पहल की परिकल्पना और स्वरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला प्रमुख व्यक्तित्व बताया।

IIT दिल्ली ने इस कार्यक्रम में IIT बॉम्बे के साथ मिलकर ‘इन्क्यूबेटर इनोवेशन ब्रिज’ के सह-अध्यक्ष के रूप में नेतृत्वकारी भूमिका निभाई। यह एक वैश्विक मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वविद्यालयों, स्टार्टअप्स, निवेशकों, अनुसंधान संस्थानों और इन्क्यूबेटरों को जोड़ना है। इस पहल के माध्यम से इन्क्यूबेटर साझेदारी, स्टार्टअप इमर्शन कार्यक्रम, मेंटरशिप नेटवर्क और सीमा-पार प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे भारतीय डीप-टेक स्टार्टअप्स को वैश्विक स्तर पर विस्तार के नए अवसर मिल सकेंगे।

Avinay