भारत, कोरिया नाविकों पर करेंगे समझौता, द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगी मजबूती: गडकरी 

Summary :

NULL

नयी दिल्ली : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आज कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया बंदरगाह तथा पोत परिवहन के क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को गति देने को तैयार है और भारतीय नाविकों को 500 से अधिक कोरियाई जहाजों पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिये समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे। पोत परिवहन , सड़क परिवहन एवं राजमार्ग , जल संसाधन , नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री गडकरी ने यह भी कहा कि दोनों देशों की जहाज निर्माण , जलमार्गों तथा स्मार्ट परिवहन समेत अन्य क्षेत्रों में भागीदारी पर भी नजर है। वह कल से चार दिन की यात्रा पर कोरिया जा रहे हैं।

मंत्री ने पीटीआई भाषा से कहा , ‘‘ दोनों देश नाविकों की क्षमता के प्रमाणपत्र को द्विपक्षीय रूप से मान्यता देने को लेकर समझौता करेंगे। इससे दोनों देशों को लाभ होगा। कोरिया के पास बड़ी संख्या में जहाज हैं जबकि भारत के पास 1.5 लाख से अधिक नाविक हैं। ’’ गडकरी ने पीटीआई- भाषा से कहा , ‘‘ समझौते से भारतीय नाविकों के कोरियाई जहाजों पर काम का रास्ता सुगम होगा क्योंकि उन्हें नाविकों की जरूरत है। कोरियाई इकाइयों के पास 500 से अधिक जहाज हैं जो विदेशों के लिये माल – ढुलाई करते हैं। ’’ अपनी चार दिन की यात्रा के दौरान गडकरी दोनों देशों के बीच पोत परिवहन , बंदरगाह , अंतर्देशीय जलमार्ग , राजमार्ग , नदियों को जोड़ने तथा बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर जोर होगा।

हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।

 

Desk Team