‘इस हादसे के लिए BJP जिम्मेदार…’, जनकपुरी दुर्घटना को लेकर AAP का भाजपा सरकार पर हमला

Summary :

Janakpuri Bike Accident Update: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के जनकपुरी इलाके में गड्ढे में गिरकर बाइक सवार की मौत के लिए भाजपा सरकार को सीधे जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी का कहना है कि यह घटना कुछ समय पहले नोएडा में नाले में गिरकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हुई मौत की याद दिलाती है। बाइक सवार युवक पूरी रात गड्ढे में ही पड़ा रहा और तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई। मृतक के परिवार वाले दिल्ली के कई थानों में जाकर पुलिस से मदद मांगते रहे, लेकिन उन्हें कहीं से कोई मदद नहीं मिली। आम आदमी पार्टी ने इस घटना को…

Janakpuri Bike Accident Update: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के जनकपुरी इलाके में गड्ढे में गिरकर बाइक सवार की मौत के लिए भाजपा सरकार को सीधे जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी का कहना है कि यह घटना कुछ समय पहले नोएडा में नाले में गिरकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हुई मौत की याद दिलाती है। बाइक सवार युवक पूरी रात गड्ढे में ही पड़ा रहा और तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई।

मृतक के परिवार वाले दिल्ली के कई थानों में जाकर पुलिस से मदद मांगते रहे, लेकिन उन्हें कहीं से कोई मदद नहीं मिली। आम आदमी पार्टी ने इस घटना को बड़ी लापरवाही बताया और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।

Janakpuri Bike Accident Update
Janakpuri Bike Accident Update

Janakpuri Bike Accident Update:  यह हादसा नहीं, हत्या है: केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश की राजधानी में सड़क में खोदे गए गड्ढे में गिरकर युवक की मौत कोई हादसा नहीं बल्कि हत्या है। उन्होंने कहा कि नोएडा की घटना से भी भाजपा ने कोई सबक नहीं लिया। घोर लापरवाही और गैर-जिम्मेदार रवैया अब भाजपा सरकारों की पहचान बन चुका है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। केजरीवाल ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह उस परिवार को शक्ति दें, जिसने सरकार की लापरवाही की वजह से अपना बेटा खो दिया।

Delhi News: सौरभ भारद्वाज ने प्रेस वार्ता में उठाए गंभीर सवाल

शुक्रवार को “आप” मुख्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जनकपुरी में हुई इस मौत को नोएडा की घटना से जोड़कर देखा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले नोएडा में प्रशासन और भाजपा शासित उत्तर प्रदेश सरकार की लापरवाही से एक इंजीनियर की दर्दनाक मौत हुई थी। ठीक उसी तरह दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद की जनकपुरी विधानसभा में सड़क में खोदे गए गड्ढे में गिरकर एक युवक की मौत हुई है, जो बेहद दुखद है।

Janakpuri Bike Accident Update
Janakpuri Bike Accident Update

मंत्री आशीष सूद पर लगाए लापरवाही के आरोप

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मंत्री आशीष सूद की विधानसभा में उनकी होर्डिंग और सड़कों में गड्ढे दोनों ही मशहूर हैं। शुक्रवार रात उन्हीं होर्डिंग्स में से एक के नीचे 25 साल का युवक गिरा मिला। युवक एचडीएफसी रोहिणी के कॉल सेंटर में नौकरी करता था। उन्होंने बताया कि वह गड्ढा पहले से मौजूद था और आरडब्ल्यूए लगातार प्रशासन से बैरिकेडिंग की मांग कर रही थी। लेकिन भाजपा मंत्री आशीष सूद सुबह वहां पहुंचे और बहाने बनाने लगे। उन्हें निष्पक्ष जांच की बात करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने पहले ही कह दिया कि सब ठीक था।

खुद ही जांच करके विभाग को क्लीन चिट देने का आरोप

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आशीष सूद खुद उसी विभाग के मंत्री हैं, जिसके तहत दिल्ली जल बोर्ड आता है। उन्होंने पहले कहा कि उन्होंने जांच कर ली है और सब कुछ सही था। बाद में बोले कि चीफ इंजीनियर एक कमेटी बनाकर जांच करेगा। जब मंत्री पहले ही कह चुके हैं कि सब ठीक था, तो इसका मतलब यही हुआ कि उन्होंने मृतक युवक को ही दोषी मान लिया।

नोएडा जैसी कहानी दोहराने की कोशिश का आरोप

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह ठीक वैसा ही है जैसे नोएडा की घटना में कहा गया था कि युवक शराब पीकर गड्ढे में गिरा था, ताकि प्रशासन की जिम्मेदारी से बचा जा सके। अब यहां भी यह साबित करने की कोशिश हो रही है कि युवक खुद बाइक समेत गड्ढे में कूद गया। उन्होंने कहा कि सुबह पुलिस के आने के बाद वहां पर्दे और बैरिकेडिंग लगाई गई, जबकि रात को ऐसा कुछ नहीं था।

Janakpuri Bike Accident Update
Janakpuri Bike Accident Update

दिल्ली पुलिस पर भी उठे सवाल

सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा और पुलिस विभाग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने दावा किया था कि वे सभी मिसिंग रिपोर्ट तुरंत दर्ज करते हैं। लेकिन मृतक युवक कमल के परिवार और दोस्त रात को छह अलग-अलग थानों में गए, फिर भी कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई। वे रोहिणी, पालम, सागरपुर, मंगोलपुरी, डाबरी और जनकपुरी पुलिस स्टेशन गए, लेकिन हर जगह उन्हें सुबह आने को कहा गया।

पुलिस के असंवेदनशील रवैये का आरोप

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि जब परिवार सागरपुर थाने पहुंचा तो वहां पुलिसकर्मी ने बेहद असंवेदनशील जवाब दिया। पुलिसकर्मी ने कहा – “तुम्हारा ही भाई थोड़े ही खोया है, सारी दुनिया खो रही है।”उन्होंने कहा कि यह दिल्ली पुलिस की संवेदनशीलता का स्तर दिखाता है।

लोकेशन मिलने के बावजूद मदद नहीं मिलने का दावा

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि पुलिस ने परिवार को कमल की आखिरी लोकेशन शेयर की थी, लेकिन बाद में उसे डिलीट कर दिया गया। फोन बज रहा था, यानी हो सकता है कि वह उस वक्त जिंदा हो। परिवार और दोस्त पूरी रात उस इलाके में घूमते रहे। रात करीब एक बजे उन्होंने गड्ढे में झांककर देखा, लेकिन वहां न कमल था और न उसकी बाइक।

Janakpuri Bike Accident Update

Janakpuri Bike Accident Update

सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग

सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाया कि अभी तक उस इलाके की सीसीटीवी फुटेज क्यों नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि नोएडा मामले में तुरंत फुटेज निकालकर मृतक को दोषी साबित करने की कोशिश की गई थी, लेकिन यहां फुटेज क्यों नहीं दिखाई जा रही। आम आदमी पार्टी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मांग की कि उस इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तुरंत सार्वजनिक की जाए।

मंत्री के घर के पास होने के बावजूद गड्ढा नहीं दिखा?

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह जगह मंत्री आशीष सूद के घर से महज 100-200 मीटर दूर है। उन्होंने सवाल किया कि क्या इतना बड़ा गड्ढा उन्हें या उनके परिवार को नजर नहीं आया? हर जगह होर्डिंग लगाई गई लेकिन सड़क का गड्ढा नहीं दिखा। सौरभ भारद्वाज ने भाजपा सरकार और दिल्ली पुलिस से कई सवाल पूछे, छह थानों में जाने के बाद भी मिसिंग रिपोर्ट क्यों नहीं दर्ज हुई? सीसीटीवी फुटेज क्यों नहीं दिखाई जा रही? लोकेशन क्यों डिलीट की गई? उन्होंने कहा कि इन सभी सवालों का जवाब जनता को मिलना चाहिए।

यह भी पढ़ें: जनकपुरी की घटना पर सख्त दिल्ली सरकार, जल बोर्ड के 3 अधिकारियों पर गिरी गाज

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।