दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में प्याज की बढ़ती कीमतों के कारण जनता के आंखों से आंसू निकल रहे हैं, लेकिन दिल्ली सरकार आम लोगों की इस समस्या से बेखबर हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्याज जो कि हर घर की रसोई की सबसे बड़ी जरूरत है उसका दिन प्रतिदिन महंगा होना चिंता का विषय है, लेकिन केजरीवाल सरकार लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से अंजान है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने सोमवार को बाजार से प्याज खरीदा और सिंगल यूज प्लास्टिक का विरोध करते हुए अपने रूमाल में प्याज बांधकर आवास पर लेकर गए। दिल्ली में प्याज लगभग 60 से 70 रुपये प्रति किलो बिक रही है। जनता में रोष है, लेकिन मुख्यमंत्री केजरीवाल ने इस मुद्दे को हल करने के लिए कुछ नहीं किया है।
सरकार को जल्द से जल्द सस्ती दरों पर प्याज की सप्लाई हर क्षेत्र में देनी चाहिए। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग प्याज खरीदने में असमर्थ हैं। पिछले 10 दिनों के भीतर 200 से 300 प्रतिशत तक प्याज की कीमतों में वृद्धि हुई है जिसे लेकर केजरीवाल सरकार को उचित कदम उठाने चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



