दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने राष्ट्रीय राजधानी में शादी समारोह में केवल 50 लोगों को शिरकत करने की अनुमति देने के आप सरकार के प्रस्ताव को बुधवार को मंजूरी दे दी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा था कि उनकी सरकार ने शहर में 200 लोगों के शादी में शामिल होने देने के अपने आदेश को वापस लेने का फैसला किया है और इस संबंध में उपराज्यपाल को प्रस्ताव भेजा है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ उपराज्यपाल ने शादी समारोह में केवल 50 लोगों को शामिल होने की अनुमति देने के दिल्ली सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।’’ केजरीवाल ने मंगलवार को कहा था कि कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या में कमी आने की वजह से केन्द्र के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्व में विवाह समारोहों में 200 तक की संख्या में लोगों को शामिल होने की अनुमति दी गई थी।
केजरीवाल ने कहा था, ‘‘अब उपराज्यपाल बैजल को पूर्व के आदेश को वापस लेने की मंजूरी देने और विवाह समारोहों में अतिथियों की संख्या को 200 की जगह 50 करने के लिए एक प्रस्ताव भेजा गया है।’’ दिल्ली में 28 अक्टूबर के बाद से कोरोना वायरस के मामलों में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जब पांच हजार से अधिक नए मामले सामने आए थे। 11 नवम्बर को यहां आठ हजार से अधिक नए मामले सामने आए थे।


Download Android App
Download iOS App



