नीट प्रदर्शनकारियों को दिल्ली सरकार की बड़ी राहत, दर्ज 13 FIR में नहीं होगी कोई कार्रवाई

Summary :

नीट-यूजी परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में शामिल छात्रों को दिल्ली सरकार ने राहत दी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज 13 मुकदमों में कार्रवाई रोक दी गई है।

Jantar Mantar NEET Protest

NEET FIR Withdrawal Delhi : राष्ट्रीय राजधानी में नीट-यूजी (NEET-UG) परीक्षा में कथित धांधली को लेकर आंदोलन करने वाले छात्रों और प्रदर्शनकारियों को दिल्ली सरकार ने बड़ी राहत दी है।

गृह विभाग द्वारा 30 जुलाई 2026 को जारी एक आधिकारिक प्रेस रिलीज के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की ओर से दर्ज सभी 13 मुकदमों (FIR) में अब किसी भी प्रदर्शनकारी पर प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।

सरकार का यह कदम सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के तहत उठाया गया है, जिससे प्रदर्शन में शामिल निर्दोष युवाओं को बड़ी राहत मिली है। हालांकि, पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों पर यह छूट लागू नहीं होगी।

क्या है रिलीज में

Jantar Mantar NEET Protest

सरकार ने अपने रिलीज में लिखा है, “दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCT) के भीतर किसी भी पुलिस प्राधिकरण द्वारा इन विरोध प्रदर्शनों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कोई प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि, यह संरक्षण आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों पर लागू नहीं होगा, जैसा कि ऊपर उल्लेखित माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश में अनिवार्य किया गया है।”

इस में आगे लिखा गया है, “राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार विरोध प्रदर्शनों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ आगे कोई प्रतिकूल कार्रवाई करने का विचार नहीं रखती है, और इस संबंध में बिना किसी भविष्य की कार्यवाही के मामले को बंद माना जाएगा।”

अदालती आदेश के बाद सरकार का कदम

Jantar Mantar NEET Protest

गृह विभाग ने साफ किया कि ‘शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी बनाम यूनियन ऑफ इंडिया’ मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा 28 जुलाई 2026 को दिए गए निर्देशों के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। यदि इस मामले में किसी भी प्रदर्शनकारी या छात्र को पहले गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया है, तो उनकी तत्काल समीक्षा कर शीघ्र रिहाई की प्रक्रिया शुरू होगी। दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह भविष्य में इस प्रदर्शन से जुड़ी कोई कानूनी कार्यवाही आगे नहीं बढ़ाएगी।

जंतर-मंतर पर बढ़ी हलचल

एक तरफ सरकार ने राहत का ऐलान किया है, वहीं दूसरी तरफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने चेतावनी दी है कि यदि सभी मुकदमे पूरी तरह वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन फिर शुरू होगा।

इस चेतावनी के बाद दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। जंतर-मंतर पर अतिरिक्त जवानों को तैनात कर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और प्रदर्शन स्थल पर मेटल बैरिकेड्स को आपस में वेल्डिंग करके जोड़ा जा रहा है ताकि शांति व्यवस्था कायम रहे।

यह भी पढ़ें – नंबर प्लेट हटाकर दिल्ली की सड़कों पर दौड़ा रहा था चोरी की कार, पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।