गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को रविवार को एम्स से छुट्टी दे दी गई और उनके अपने गृह प्रदेश लौटने की संभावना है। वह यहां अग्न्याशय से संबंधित बीमारी का इलाज करा रहे थे। एम्स के सूत्रों ने बताया कि रविवार को सुबह उनकी हालत खराब होने के बाद थोड़ी देर के लिए उन्हें आईसीयू में रखा गया। इसके कुछ वक्त बाद अस्पताल प्रशासन ने उन्हें छुट्टी देने का निर्णय लिया।
बता दें कि मनोहर पर्रिकर (62) को गत 15 सितंबर को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। गोवा के मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया था,”मुख्यमंत्री को एक विशेष विमान से रविवार को दिल्ली से गोवा लाया जा सकता है। अस्पताल में उनका इलाज कर रहे डॉक्टर रविवार की सुबह बताएंगे कि वह घर लौटने के लिए स्वस्थ हैं या नहीं।”
उन्होंने बताया कि अगर पर्रिकर गोवा लौटते हैं तो वह पणजी में अपने निजी आवास में रहेंगे। अपनी खराब सेहत के चलते मुख्यमंत्री कार्यालय में अनुपस्थिति के दौरान सरकार के सुचारू रूप से काम करने के तरीकों पर चर्चा के लिए शुक्रवार को पर्रिकर ने भाजपा की गोवा इकाई की कोर कमिटी के सदस्यों एवं गठबंधन के सहयोगी दलों के मंत्रियों से एम्स में मुलाकात की थी।
हालांकि, पर्रिकर से मुलाकात करने वाले सत्तारूढ़ भाजपा एवं अलग से मिलने वाले सहयोगी दलों के नेताओं ने राज्य में नेतृत्व में किसी भी तरह के बदलाव से इनकार किया था। पर्रिकर मध्य फरवरी से ही बीमार हैं और उनका गोवा, मुंबई एवं अमेरिका के अस्पतालों समेत कई अलग-अलग अस्पतालों में इलाज हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



