भोपाल : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मप्र यात्रा के दौरान एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने देश की जनता से धोखा किया है। देश का प्रधानमंत्री नहीं, चौकीदार बनने की बात कहकर वे अनिल अंबानी के चौकीदार बने, विजय माल्या के चौकीदार बने और इस देश की जनता के टैक्स के 30 हजार करोड़ रुपए राफेल घोटाले के जरिए अनिल अंबानी की जेब में डाले। उन्होंने जनता का भरोसा खो दिया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार आई तो दस दिन के भीतर किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। यह बात दो दिवसीय विंध्य यात्रा के पहले दिन सतना में सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कही।
इससे पूर्व राहुल ने दौरे की शुरुआत चित्रकूट में कामतानाथ मंदिर के राम दरबार में विशेष पूजा अर्चना से की। सतना में सभा को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि आज देश में सिर्फ 15 लोगों के लिए यह सरकार काम कर रही है। नोटबंदी हो, राफेल घोटाला हो या जीएसटी हो इन सभी से अगर किसी को फायदा हुआ है तो वे सिर्फ उद्योगपति हैं।
राहुल ने कहा कि यूपीए सरकार ने फ्रांस से राफेल हवाई जहाज खरीदने के लिए प्रति हवाई जहाज 526 करोड़ का कांट्रेक्ट हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को दिया था ताकि तकनीक के स्थानांतरण से देश के लाखों लोगों को रोजगार मिले, लेकिन प्रधानमत्री ने यह कांट्रेक्ट उससे छीनकर अनिल अंबानी को दे दिया,जिनकी कंपनी मात्र 10 दिन पहले बनी थी और जिसे हवाई जहाज बनाने का कोई अनुभव नहीं था। दूसरी ओर एचएएल को कई वर्षों का अनुभव है, जिसने जेगुआर और सुखोई जैसे शक्तिशाली विमानों को बनाया है। मोदी इस देश को जवाब दें कि 526 करोड़ का राफेल हवाई जहाज 1600 करोड़ में क्यों खरीदा।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो जो जनता के अंदर दर्द है, गुस्सा है, डर है, उसे दूर किया जाएगा। मप्र में कांग्रेस की यह लड़ाई कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ सभी लोग मिलकर लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश का प्रधानमंत्री, कांग्रेस और भाजपा ने नहीं बनाया, इसे यहां की जनता, किसानों, नौजवानों, माताओं ओर बहनों ने खून-पसीना बहाकर हर रोज संघर्ष करके बनाया है। अगर हम किसानों का कर्ज माफ करते हैं, नौजवानों को रोजगार देते हैं, महिलाओं की सुरक्षा करते हैं, गरीबों का विकास करते हैं तो उन्हें तोहफा नहीं देते, बल्कि उनका हक देते हैं।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि विंध्य क्षेत्र की जनता भोली-भाली है। जो सब कुछ सह सकती है, लेकिन उसे सरेआम ठगा जाए यह उसे मंजूर नहीं। आज मध्यप्रदेश का हर वर्ग भाजपा सरकार से अपने को ठगा महसूस कर रहा है। कांग्रेस सरकार हर नौजवान को रोजगार देगी, किसानों का कर्जा माफ होगा और प्रदेश के सभी वर्गों को न्याय मिलेगा।


Download Android App
Download iOS App



