दिल्ली और उसके आस-पास के कई इलाकों में कुट्टू का आटा खाने से 500 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए। एक साथ इतनी बड़ी तादात में सामने आए फूड प्वाइजनिंग के मामलों से अस्पतालों में हड़कंप मच गया है। दिल्ली के अकेले कल्याणपुरी इलाके में 400 मामले सामने आए हैं।
जानकारी के मुताबिक, पूर्वी दिल्ली स्थित खिचड़ीपुर, त्रिलोकपुरी व कल्याणपुरी इलाके में लोग कुट्टू का आटा खाकर बीमार हो गए। अधिकतर लोगों ने पेट में दर्द की शिकायत की है। मंगलवार रात से ही ऐसे मरीज लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंच रहे हैं, जो कुट्टू के आटे से बना खाना खाने से बीमार हैं।

स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की टीमें पता लगाने की कोशिश कर रही है ऐसा कैसे हुआ? पूर्वी दिल्ली स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरीश मनसुखानी के मुताबिक, मंगलवार रात से अब तक 490 मरीज आ चुके हैं जिन्हें कुट्टू का आटे की वजह से उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हुई। यह फूड प्वाइजनिंग का मामला है। सभी लोग पूर्वी दिल्ली के इलाके के हैं।
वहीं, ग्रेटर नोएडा की रबूपुरा कोतवाली के गांव जोनचाना में भी व्रत के दौरान कुट्टू का आटा खाने से करीब 15 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऐसा ही मामला गाजियाबाद जिले के मोदीनगर नगर की सीकरी फाटक कॉलोनी में भी सामने आया है। यहां भी कुट्टू का आटा खाने से एक ही कॉलोनी के 50 से अधिक लोग बीमार हो गए। दस से अधिक लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।


Download Android App
Download iOS App



