हिंद महासागर से भारतीय नौसेना के कमांडर अभिलाष टॉमी को विभिन्न देशों के अभियान के जरिये बचाये जाने के कुछ दिनों बाद उन्हें शनिवार को आईएनएस सतपुड़ा से सुरक्षित लाया गया। कमांडर टॉमी आइल एम्सटर्डम में चिकित्सा निगरानी में थे। पूर्वी नौसेना कमान (ईएनसी) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि ईएनसी के फ्लैग आफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एफओसी-इन-सी), वाइस एडमिरल करमबीर सिंह ने कमांडर टॉमी से संक्षिप्त बातचीत की और उनके स्वास्थ्य और बचाव अभियान के बारे में जानकारी ली।
इसमें कहा गया है कि अभिलाष टॉमी को अब ईएनसी के नौसेना अस्पताल आईएनएचएस कल्याणी में स्थानांतरित किया गया है। टॉमी गोल्डन ग्लोब रेस 2018 (जीजीआर) में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। कमांडर टॉमी की नौका ‘थुरिया’ तीन दिन तक समुद्र में हिचकोले खाती रही। उनकी नौका तूफान की चपेट में आ गयी थी। वह इसमें घायल हो गये थे।
कैनबरा में आस्ट्रेलियाई बचाव समन्वय केन्द्र ने आस्ट्रेलियाई रक्षा विभाग और भारतीय नौसेना समेत कई एजेंसियों के सहयोग से बचाव अभियान चलाया। विज्ञप्ति में कहा गया कि भारतीय नौसेना ने घायल अधिकारी को बचाने के लिए ‘ऑपरेशन रक्षम’ चलाया था। आईएनएस सतपुड़ा ने 28 सितम्बर को जहाज से हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करके अभिलाष टॉमी को सुरक्षित बचा लिया था।


Download Android App
Download iOS App



