दिल्ली बनेगा सिग्नल फ्री! मथुरा रोड पर 3 नए फ्लाईओवर को मंजूरी, एमजी रोड और पंजाबी बाग रूट के लिए भी मेगा प्लान

Summary :

New Flyovers on Mathura Road Delhi: केंद्र सरकार राजधानी में भीड़़भाड़ कम करने और ट्रैफिक जाम की समस्या से दिल्ली को राहत दिलाने के लिए कई परियोजनाएं लागू करने जा रही है। इससे घंटों की दूरी कुछ ही मिनटों में तय हो सकेगी। इसके अंतर्गत महरौली-गुरुग्राम रोड, आश्रम से बदरपुर बॉर्डर तक मथुरा रोड को और पंजाबी बाग से टीकरी तक सिग्नल फ्री करने की तैयारी चल रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने गुरुवार को संसद में यह जानकारी दी। घंटों का सफर अब मिनटों में: तीन प्रमुख सड़कों का कायाकल्प केन्द्रीय राज्यमंत्री हर्ष…

New Flyovers on Mathura Road Delhi: केंद्र सरकार राजधानी में भीड़़भाड़ कम करने और ट्रैफिक जाम की समस्या से दिल्ली को राहत दिलाने के लिए कई परियोजनाएं लागू करने जा रही है। इससे घंटों की दूरी कुछ ही मिनटों में तय हो सकेगी। इसके अंतर्गत महरौली-गुरुग्राम रोड, आश्रम से बदरपुर बॉर्डर तक मथुरा रोड को और पंजाबी बाग से टीकरी तक सिग्नल फ्री करने की तैयारी चल रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने गुरुवार को संसद में यह जानकारी दी।

घंटों का सफर अब मिनटों में: तीन प्रमुख सड़कों का कायाकल्प

केन्द्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के संसद में पूछे गए सवाल पर गुरुवार को लोकसभा में बताया कि दिल्ली की इन तीन प्रमुख सड़कों को एनएचएआई के अंतर्गत लाकर उन्हें सिग्नल फ्री किया जा रहा है। अभी आश्रम से बदरपुर तक ट्रैफिक जाम के कारण सवा घंटा लग जाता है। यहां तीन फ्लाई ओवर बनाए जाएंगे ताकि लोगों को जाम में न फंसना पड़े। इसी तरह महरौली-गुरुग्राम रोड पर फ्लाईओवर बनाकर एक घंटे की दूरी सिर्फ 15 मिनट में तय हो सकेगी।

नए टनल और एलिवेटेड रोड: 3500 करोड़ का मास्टर प्लान

पंजाबी बाग-टीकरी तक के रोड पर जाम खत्म करने के लिए डीपीआर बनाई जा रही है और फ्लाई ओवर तथा ऐलिवेटिड रोड से डेढ़ घंटे का यह सफर 30 मिनट में पूरा हो सकेगा। मल्होत्रा ने बताया कि गुरुग्राम से दिल्ली आते हुए लोग अक्सर जाम में फंस जाते हैं। इसलिए शिवमूर्ति से नेल्सन मंडेला मार्ग तक टनल बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इस पर करीब 3500 करोड़ रुपए खर्च होंगे। कालिंदी कुंज में 6 रोड एक साथ आकर मिलते हैं। मयूर विहार और नोएडा के अलावा मुंबई एक्सप्रेस वे भी यहां मिलता है। यहां धौला कुआं की तरह का सर्कल बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि मुंबई एक्सप्रेस वे पर डीएनडी से फरीदाबाद तक एलिवेटिड रोड अगले छह महीने में शुरू हो जाएगा। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे का लोकार्पण अगले 8 से 10 दिनों में किए जाने की बात उन्होंने कही।

मथुरा रोड और एमजी रोड पर अक्सर रहता है लंबा जाम

दिल्ली में जाम की समस्या दिन-प्रतिदिन विकराल रूप लेती जा रही है। सुबह-शाम नौकरीपेशा लोगों को घर से ऑफिस और वापसी में दफ्तर से घर लौटने में लंबे जाम का सामना करना पड़ता है। इस कारण से काफी समय लोगों का जाम में भी जाया हो रहा है और साथ ही ईंधन की भी काफी बर्बादी हो रही है। एक नजर दौड़ाएं तो मथुरा रोड पर आश्रम से बदरपुर तक सफर पूरा करना कड़ी चुनौती बनी हुई है। इस मार्ग पर आश्रम चौक के बाद लगे माता मंदिर रोड, ओखला मोड़, सीआरआरआई, अपोलो अस्पताल के सिग्नल पर सरिता विहार, आली गांव और बदरपुर में लंबा जाम वाहन चालकों के लिए चुनौती बना हुआ है। इसी मार्ग पर बदरपुर से आश्रम आते समय बदरपुर, सरिता विहार फ्लाईओवर पर बीच के हिस्से लेकर अपोलो रेडलाइट तक लंबा जाम, सीआरआरआई से मोदी मिल फ्लाईओवर, ओखला मोड़ रेडलाइट और उसके बाद आश्रम अंडरपास से पहले वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है।

फरीदाबाद की तर्ज पर विकास: सुगम सफर और ईंधन की बचत

माना जा रहा है कि परियोजना पूरी होने पर वाहन चालकों को सफर सुगम हो जाएगा और यदि दिल्ली से सटे फरीदाबाद की तर्ज पर फ्लाईओवर बने तो निश्चित ही जाम से निजात मिल जाएगी क्योंकि बदरपुर बॉर्डर से फरीदाबाद में प्रवेश करते ही एक के बाद एक फ्लाईओवर बनने से कुछ ही मिनट में वाहन सवार फर्राटा भरकर बल्लभगढ़ तक आसानी से पहुंचे जाते हैं और ऐसे ही वहां से दिल्ली भी कुछ ही मिनट में लौट आते हैं। यही स्थिति महरौली-गुरुग्राम रोड की भी बनी हुई है। इस लाइन पर मेट्रो सेवा होने के बाद भी लाखों की संख्या में वाहनों का नियमित आवागमन होता है। आलम यह है कि सुबह और शाम के समय गुरुग्राम से दिल्ली में प्रवेश करते और दिल्ली से गुरुग्राम जाने वालों को भी लंबे जाम का सामना करना पड़ता है। खासकर अंधेरिया मोड़ पर रेडलाइट पर काफी समय रुकना पड़ता है। वहीं पंजाबी बाग से टीकरी तक सिग्नल फ्री करने किए जाने पर उस मार्ग पर भी वाहनों का आवागमन सुगम हो जाएगा।

यह भी पढ़ें-Delhi दिल्ली बनेगा Traffic Free! ग्लोबल सिटी बनाने के लिए आधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट और सख्त नियमों पर LG का जोर

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।