तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव के समय पूर्व चुनाव के लिए राज्य विधानसभा भंग करने की अटकलों के बीच रविवार को मंत्रिमंडल की बैठक हुई। लेकिन यह बैठक समय पूर्व चुनाव के मुद्दे पर बिना फैसला लिए समाप्त हो गई।
मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव के आधिकारिक निवास प्रगति भवन में घंटे भर चली बैठक के बाद वित्तमंत्री एटेला राजेंदर ने कुछ अन्य मंत्रियों के साथ संवाददाताओं को जानकारी दी। मंत्रिमंडल ने विभिन्न तबकों के लिए कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए। इसमें से एक प्रमुख फैसला पिछड़े वर्गो के लिए एक सामुदायिक भवन बनाने का है। यह हैदराबाद में 75 एकड़ भूमि पर 70 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा।
समय पूर्व चुनाव की चर्चा के बीच तेलंगाना मंत्रिमंडल की बैठक
यह पूछे जाने पर कि क्या विधानसभा भंग करने पर भी चर्चा हुई? उप मुख्यमंत्री काडियम श्रीहरि ने कहा कि उन्होंने मीडिया को बैठक के एजेंडे के अनुसार लिए गए फैसले के बारे बताया है। उन्होंने कहा, ‘जल्द ही मंत्रिमंडल की एक अन्य बैठक होगी।’
इससे पहले तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के नेताओं ने कहा था कि कैबिनेट कुछ प्रमुख फैसले लेगा और इसकी घोषणा बाद में पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर राव द्वारा एक सार्वजनिक सभा में होगी। इसे ‘प्रगति निवेदन सभा’ के रूप में हैदराबाद के बाहरी इलाके में आयोजित किया जाएगा। चंद्रशेखर राव पहले ही जल्द चुनाव कराने का मजबूत संकेत दे चुके हैं। उनके इस हफ्ते के अंत तक इस पर फैसला लेने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App



