कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि बागड़ी मार्केट में किसी के फॅंसने की कोई खबर नहीं है जहां 12 घंटे बाद भी भयंकर आग लगी हुयी है। जर्मनी और इटली में कारोबारी शिखर सम्मेलनों के लिए रवाना हुईं बनर्जी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि उन्हें घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा, ‘‘इमारत में कोई नहीं फॅंसा है। किसी के मरने या घायल होने की कोई सूचना भी हमें नहीं मिली है। कदम उठाए जा रहे हैं। आग पर जल्द काबू पा लिया जाएगा।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके विदेश में रहने तक राज्य में किसी भी आपात स्थिति या प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए दो समितियां पहले ही गठित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि समितियों में मंत्री और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं और मुख्य सचिव फोन पर हर समय उपलब्ध रहेंगे। ये दोनों समितियां किसी भी आपातकालीन स्थिति को देखेंगी।’’ बहुमंजिला बागड़ी मार्केट में रविवार को भयानक आग लग गई जहां लगभग एक हजार व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं। आग 12 घंटे बाद भी लगी हुई है। घटनास्थल यहां रायटर्स बिल्डिंग और भारतीय रिजर्व बैंक कार्यालय से लगभग एक किलोमीटर दूर है। साठ साल पुरानी इमारत में लगी आग को बुझाने के काम में 35 दमकल गाड़ियां लगी हैं।


Download Android App
Download iOS App



