राष्ट्रीय राजधानी में उत्तरी दिल्ली नगर निगम संचालित अस्पतालों के डॉक्टरों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से बुधवार को स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं। बकाया वेतन न मिलने से नाराज डॉक्टरों ने हड़ताल का आह्वान किया है। जबकि नगर निकाय ने ‘‘सभी बकाया का भुगतान कर दिए जाने’’ की बात कही है।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम डॉक्टर्स एसोसिएशन (एमसीडीसीए) से जुड़े वरिष्ठ डॉक्टर सोमवार को आकस्मिक अवकाश पर चले गए थे और मंगलवार को उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। उत्तरी दिल्ली के महापौर जयप्रकाश ने डॉक्टरों से काम पर लौटने की अपील की और कहा कि इससे मरीजों को परेशानी हो रही है। हालांकि, हड़ताल आज भी जारी रही।
जयप्रकाश ने मंगलवार को दो अन्य नगर निगमों के अपने समकक्षों के साथ संवाददाता सम्मेलन किया था और बाद में एक बयान में दावा किया था कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने आज डॉक्टरों का सितंबर तक बकाया वेतन, सफाई कर्मचारियों और मच्छरों की मौजूदगी वाले स्थानों की जांच करनेवाले कर्मियों का अगस्त तक का तथा नर्सों का जुलाई तक का और स्वास्थ्यकर्मियों का जून तक का बकाया वेतन जारी कर दिया। एमसीडीसीए महासचिव मारुति सिन्हा ने मंगलवार को कहा था, ‘‘वेतन नहीं मिला है, इसलिए हमारी हड़ताल अब भी जारी है।’’


Download Android App
Download iOS App



