नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की अध्यक्षता में जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को सदस्यता अभियान 2019 की शुरुआत हुई। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले लोगों को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान प्राथमिक सदस्यता लेने के लिए निःशुल्क मोबाइल नंबर 8980808080 जारी किया गया।
कार्यक्रम को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राष्ट्रीय सदस्यता अभियान प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने संबोधित किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा के पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व अमित शाह की चमतकारी जोड़ी है। इसके लिए राष्ट्र सेवा ही परम सेवा है। भाजपा का महाविजय अभियान प्रधानमंत्री मोदी की असाधारण लोकप्रियता अमित शाह की रणनीति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा के कारण संभव हो सका है।
जब कोई जहाज डूबता है तो पहले यात्री भागते हैं और सबसे अंतिम समय में जहाज का कैप्टन जहाज छोड़कर जाता है लेकिन कांग्रेस एक ऐसा डूबता जाहज है जिसका कैप्टन सबसे पहले जहाज छोड़कर चला गया है। शिवराज ने कहा कि नेहरू के पाप से कश्मीर का बहुत बड़ा हिस्सा चला गया है। भारत के बड़े भू-भाग पर चीन ने कब्जा कर लिया। राजीव गांधी ने संसद में अध्यादेश लाकर मुस्लिम महिलाओं के अधिकार को छीनने का पाप किया।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पिंजरे में कैद करने का पाप किया और आज कांग्रेस अपने इन्हीं पापों की सजा भुगत रही है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर कमल खिलाने का संकल्प हम सब यहां से लेकर जाए। देश में जब तक सब जगह भगवा परचम नहीं लहरा जाता तब तक भाजपा के कार्यकर्ता के लिए मेहनत के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
हर बूथ पर पांच पौधे लगाकर करें पंचवटी तैयार : रामलाल
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रामलाल ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को सदस्यता अभियान से जोड़ना है। सभी जातियों व उपजातियों को सदस्यता अभियान से जोड़कर संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करना है। दिल्ली में बड़े पैमाने पर सेवा बस्तियां हैं, जहां पर विशेष रूप से ध्यान देने की आवश्यकता है। इस सदस्यता अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्ग साथ आए देश बनाए, भाजपा के मन में देश सेवा है और विपक्ष के मन में केवल अपनी सेवा है। हर बूथ पर पांच पौधे लगाकर एक पंचवटी तैयार करें जो नए भारत के निर्माण में अपनी मुख्य भूमिका निभाएं।
‘सदस्यता अभियान विस का फाइनल’
मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली सदस्यता अभियान में एक रिकाॅर्ड कायम करेगी, ऐसा मेरा विश्वास है। दिल्ली में सभी धर्म जाति वर्ग के लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाने के लिए कार्यकर्ता बूथ स्तर पर काम कर रहे हैं। सदस्यता अभियान विधानसभा का सेमीफाइनल है क्योंकि कार्यकर्ता ही किसी भी पार्टी की रीढ़ की हड्डी होते हैं।
पुलिस, दिव्यांग व कलाकार ने ली सदस्यता
दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त डीसीपी व राष्ट्रपति से बहादुरी पुरस्कार पाने वाले एनएनराव, शाहदरा जिले के दिव्यांग विवेक भट्ट के अलावा लोकप्रिय कलाकार सपना चौधरी ने भी भाजपा की सदस्यता ली। सदस्यता ग्रहण करने वालों में कर्नल प्रतीक, पूर्व ईडी रेलवे गजानंद शर्मा, पूर्व आईआरएस लव सक्सेना, फर्स्ट टाइम वोटर आदर्श नैयर व ठेला लगाने वाले अखिलेश भी थे।


Download Android App
Download iOS App



