नई दिल्ली : अरविंद केजरीवाल सरकार के पांच साल में किए गए जनहित के विकास कार्यों से भाजपा क्यों घबरा गई है? आखिर ऐसी क्या वजह है कि सरकार की हर जनहितैषी योजना का भाजपा विरोध कर रही है? ये सवाल पार्टी मुख्यालय में शनिवार को प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा ने किया। चड्डा ने कहा कि पिछले 5 साल में दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने कई ऐसे कदम उठाए हैं, जिसका लाभ सीधे तौर पर गरीब और आम जनता को मिल रहा है।
मगर भाजपा काे इस पर आपत्ति है। उन्होंने कहा कि अब मनोज तिवारी डोर स्टेप डिलीवरी का विरोध कर रहे हैं। क्या भाजपा नेता दलालों को लाभ पहुंचाना चाहते हैं? जबकि आंध्र प्रदेश, उड़ीसा व कर्नाटक की सरकारें अरविंद केजरीवाल सरकार के डोर स्टेप डिलीवरी योजना की नकल कर कर रही हैं।
भाजपा पिछले 5 सालों से लगातार नकारात्मक राजनीति कर रही है। केजरीवाल सरकार ने दिल्ली की जनता के हक में जो भी सकारात्मक कदम उठाए हैं, चाहे वह सीसीटीवी हो, महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा हो, फ्री वाईफाई हो, बिजली में सब्सिडी हो या मुफ्त पानी हो। सभी का भाजपा ने विरोध किया है।
चड्ढा ने कहा कि यदि डोर स्टेप डिलीवरी योजना जनता के साथ धोखा है, इतना बड़ा छल है तो मनोज तिवारी बताएं कि भाजपा शासित पूर्वी दिल्ली नगर निगम और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम सीएम की इसी योजना को पूर्णतया कॉपी करके नगर निगम की सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए क्यों लागू करने जा रही है?
राघव चड्ढा ने कहा कि पहले किसी भी व्यक्ति को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र या जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए डीएम और एसडीएम के दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे। दलालों को रिश्वत देकर अपना काम करवाना पड़ता था। आज अरविंद केजरीवाल ने अपने एक बाण से उस भ्रष्टाचार एवं दलाल रूपी भ्रष्टाचारियों का खात्मा कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App



