रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर 02 अक्टूबर से स्वराज स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत करेंगे। इस यात्रा के दौरान पूरे राज्य के 300 ब्लॉक और नगर पंचायतों के पांच हजार गांवों से गुजरते हुए 02 हजार किलोमीटर की पदयात्रा और पचीस लाख लोगों से सीधा संवाद करेंगे। पहले चरण में 02 अक्टूबर को मांडू के हेसालौंग में झारखंड आंदोलनकारी जयंत गांगुली की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर वह यात्रा की शुरुआत करेंगे।
मांडू से निकलने वाली यात्रा गोमिया, बेरमो, डुमरी, सिंदरी होते हुए 11 अक्टूबर को टुंडी पहुंचेंगी। 11 दिनों के पहले चरण में 11 प्रखंड, 55 पंचायत, 200 गांव होते हुए 150 किमी की पद यात्रा की जाएगी। पहले चरण मे ही एक लाख लोगों से सीधा संवाद होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पंचायत से केंद्रीय स्तर पर पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं की जिम्मेवारी तय की गई है। इस यात्रा के जरिए लोगों से विमर्श कर केंद्रीय अध्यक्ष यह जानने समझने की कोशिश करेंगे कि महात्मा गांधी ने स्वराज की जो अवधारणा तय की थी उसके मायने कितना साकार हो रहे हैं। साथ ही केंद्रीय अध्यक्ष आम अवाम की परेशानी से अवगत होने के साथ सामजिक राजनीतिक रिश्ता मजबूत बनाने के लिए लोगों से सीधा संवाद करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



