हरिद्वार : जिला प्रशासन द्वारा चलाये जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत व्यापारी वर्ग को आ रही समस्याओं के समाधान के संदर्भ में भाजपा व व्यापार मण्डल के प्रतिनिधि मण्डल ने मंत्री प्रतिनिधि नरेश शर्मा व भाजपा मण्डल अध्यक्ष अनिरूद्ध भाटी के नेेतृत्व में जिलाधिकारी से भेंट कर उन्हें व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया। इस अवसर पर व्यापारी नेता राकेश बजरंगी व सुरेश गुलाटी ने कहा कि उच्च न्यायालय के अनुपालन में चलाये जा रहे इस अभियान में व्यापारी स्वतः ही अतिक्रमण हटा रहे हैं। साथ ही व्यापार मण्डल निरन्तर जागरूकता अभियान चलाकर व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार शहर में लोक निर्माण विभाग द्वारा अतिक्रमण को चिन्हित करने हेतु जो लाल निशान लगाये जा रहे हैं उससे पूर्व सड़क का पुनः सीमांकन किया जाये। नरेश शर्मा व अनिरूद्ध भाटी ने कहा कि नगर में बने डिवाइडर सड़क के मध्य में नहीं है। अलग-अलग स्थानों पर डिवाइडर सुविधानुसार बनाये गये हैं।
जिसके चलते डिवाइडर से सड़क का किनारा मापने पर दूरी अलग-अलग आ रही है। इसके लिए सड़क के मध्य बिन्दू से नपाई की गयी। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने जिस प्रकार रोडी बेलवाला, पंतद्वीप व गंगा घाटों को अतिक्रमण मुक्त कराया है वह अत्यन्त प्रशंसनीय है। आशुतोष शर्मा व शिवकुमार कश्यप ने कहा कि नालों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए व्यापार मण्डल निरन्तर अभियान चला रहा है। नगर में अधिकांश स्थानों पर व्यापारियों का सहयोग लेकर नालों को खाली कराया गया है। साथ ही जिला प्रशासन के निर्देश पर छतरी हटा कर छज्जों को भी सीमित कर दिया गया है। मनोज सिंघल व कमल बृजवासी ने जिलाधिकारी से अपील करते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग प्रशासन के सहयोग को तत्पर है।
अतिक्रमण पर एक्शन के दौरान बवाल
यदि कहीं अतिक्रमण दिखता है तो प्रशासन व्यापारियों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर चिन्हिकरण कर दे जिससे व्यापारी समय रहते अपना अतिक्रमण हटा ले। जिलाधिकारी दीपक रावत ने प्रतिनिधि मण्डल से वार्ता के पश्चात कहा कि जिला प्रशासन अतिक्रमण हटाने को प्रतिबद्ध है। किसी भी व्यापारी का इस अभियान के तहत उत्पीड़न नहीं किया जायेगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से शिवकुमार कश्यप, विकास तिवारी, संजीव नैय्यर, सुरेश गुलाटी, नरेश शर्मा, आशुतोष शर्मा, मनीष गर्ग, ओमप्रकाश जमदग्नि, विनित जौली, मुकेश भार्गव, मनोज सिंघल समेत अनेक व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Download Android App
Download iOS App



