तुर्कमान गेट हिंसा मामले में पुलिस की कार्रवाई, फरार आरोपी गिरफ्तार

Summary :

Turkman Gate Case : सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने तुर्कमान गेट इलाके में मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई हिंसा के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साजिद इकबाल (58) के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत पहले ही भगोड़ा अपराधी घोषित कर चुकी थी। पुलिस के मुताबिक वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि स्पेशल स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप यादव की टीम को सूचना मिली थी कि…

Turkman Gate Case : सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने तुर्कमान गेट इलाके में मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई हिंसा के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साजिद इकबाल (58) के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत पहले ही भगोड़ा अपराधी घोषित कर चुकी थी।

पुलिस के मुताबिक वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि स्पेशल स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप यादव की टीम को सूचना मिली थी कि साजिद चांदनी महल इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और उसे दबोच लिया। जांच में पता चला कि अदालत ने 30 मई को उसे भगोड़ा घोषित किया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी इसी वर्ष जनवरी में रामलीला मैदान थाना क्षेत्र में स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुई हिंसा के मामले में वांछित था। उस समय अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम पर बड़ी संख्या में लोगों ने पथराव किया था, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा था।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी पोस्ट

जांच में सामने आया था कि हिंसा भड़कने की बड़ी वजह सोशल मीडिया पर वायरल हुई भ्रामक पोस्ट थीं। इन पोस्टों में दावा किया गया था कि तुर्कमान गेट के सामने स्थित मस्जिद को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान तोड़ा जा रहा है। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन हिंसक रूप ले बैठा।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि हिंसा की साजिश में उसकी क्या भूमिका थी और क्या वह अन्य आरोपियों के संपर्क में था। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

यह भी पढ़ें : महाराष्ट्र में परीक्षा से पहले ही लीक हो गया TET पेपर! 4 लाख से अधिक अभ्यर्थियों की उम्मीदों पर फिरा पानी

Avinay