Vardaan Film Festival: देहदान और अंगदान महादान है। ऐसा महादान करने वाले व्यक्ति,मानवता के लिए वरदान बन जाते हैं। “वरदान “ये नाम है दधीचि देहदान समिति द्वारा आयोजित किए जाने वाले शॉर्ट फिल्मों के फेस्टिवल का। अंगदान पर युवा और स्थापित फिल्म मेकर्स की राय जानने, फिल्मों के माध्यम से अंगदान और देहदान को राष्ट्रव्यापी बनाने के लिए दधीचि देहदान समिति आगामी 27-28 फरवरी 2026 को शॉर्ट फिल्मों का फैस्टिवल आयोजित कर रही है।
वरदान फिल्म फेस्टिवल का पहला पोस्टर लॉन्च
राजधानी दिल्ली के महामना मालवीय मिशन भवन में, वरदान फिल्म फेस्टिवल का पहला पोस्टर लॉन्च किया गया। पोस्टर लॉन्च के अवसर पर दधीचि देहदान समिति के संस्थापक और संरक्षक श्री आलोक कुमार ने चलचित्र को अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बताया और आशा प्रकट करते हुए कहा कि वरदान फिल्म फेस्टिवल देहदान और अंगदान के प्रति जनजागरण का भी वरदान साबित होगा।
देहदान के लिए शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल ‘वरदान’#OrganDonationDay #SkinGrafting #nationalorgandonationday #WorldEyeDonationDay pic.twitter.com/hEc8idfUke
— Punjab Kesari (@PunjabKesariCom) December 16, 2025
फिल्म फेस्टिवल को गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी में लगाने का अनुरोध
वरदान फिल्म फेस्टिवल का पोस्टर लॉन्च करने में भागीदारी निभाने वाले गुरु गोबिंदसिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ महेश वर्मा ने पूरा आयोजन उनके विश्वविद्यालय में करने का अनुरोध किया । उन्होंने कहा कि फिल्म फेस्टिवल का आयोजन स्थल बन कर गुरू गोबिंदसिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी देहदान और अंगदान के प्रचार में अपना योगदान दे पाएगी।
Film Festival: विजेता के लिए छह लाख रुपए की सम्मान राशि
इस अवसर पर दधीचि देहदान समिति के प्रचार प्रमुख श्री अतुल गंगवार ने वरदान फिल्म फेस्टिवल का पहला प्रोमो भी जारी किया। प्रोमो जारी करते हुए उन्होंने फिल्म फेस्टिवल की विभिन्न श्रेणियों का विवरण भी साझा किया। फेस्टिवल के लिए देहदान, अंगदान और नेत्रदान विषयों पर शॉर्ट फिल्म, डॉक्युमेंट्री, म्यूज़िक वीडियो, रील और मोटिवेशनल फिल्म बनाई जा सकती है। ये ही नहीं विजेता के लिए छह लाख रुपए तक की सम्मान राशि भी रखी गई है।
60 से अधिक कॉलेजों के छात्र इस अभियान से जुड़ेंगे
इस अवसर पर दधीचि देहदान समिति द्वारा दिल्ली विश्वविद्यालय के साथ संयुक्त रूप से शुरु किए गए देहदान कार्यक्रम के दूसरे भाग को प्रारंभ करने की घोषणा भी की गई। दिल्ली विश्वविद्यालय एन.एस.एस संयोजक डॉ नरेंद्र विश्नोई ने संकल्प लेते हुए कहा कि अभियान के पहले भाग में विश्वविद्यालय के 35 कॉलेजों को जोड़ पाए थे लेकिन इस बार अभियान को विस्तार देते हुए साठ से अधिक कॉलेजों के छात्र इस अभियान से जुड़ेंगे और एन.एस.एस के छात्र इसमें बढ़ चढ़ कर सहयोग देंगे।
दधीचि देहदान समिति के संरक्षक श्री आलोक कुमार और अध्यक्ष श्री महेश पंत ने वरदान फिल्म फेस्टिवल और विश्विद्यालय छात्रों के साथ देहदान के 2.0 अभियान हेतु सहयोग का हाथ बढ़ाने थे लिए, गुरु गोबिंदसिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ महेश वर्मा और दिल्ली विश्विद्यालय NSS के संयोजक डॉ नरेंद्र विश्नोई का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर दधीचि देहदान समिति के महामंत्री डॉ विशाल चड्डा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती मंजु प्रभा और समिति के प्रचार सह-प्रमुख प्रतिबिम्ब शर्मा सहित समिति से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
https://vardaanfilmfestival.com/
यह भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल ने देखी पारो-पिनाकी फिल्म, पूरी टीम को दी बधाई और शुभकामनाएँ


Download Android App
Download iOS App




