राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की गई हालांकि भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक रविवार को तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है। शनिवार को दिल्ली का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में शुक्रवार को शीतलहर चली और न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम, 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।रविवार को भी शीतलहर चलने का अनुमान है।
जब मैदानी भाग में न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक गिर जाता है तो विभाग शीतलहर की घोषणा करता है। जब मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस या उससे भी नीचे चला जाता है तो वह भयंकर शीतलहर की स्थिति होती है।मंगलवार और गुरुवार को मैदानी क्षेत्र में सर्द एवं शुष्क उत्तरी-पश्चिमी हवा चलने के कारण न्यूनतम तापमान 2.1 और 3.8 डिग्री रहा था। नववर्ष के पहले दिन दिल्ली का न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो बीते 15 वर्ष में सबसे कम था।