जी हां, 11 और 12 मई हमारे वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब के सभी सदस्यों के लिए महत्वपूर्ण हैं। जैसा कि हम सब जानते हैं कि 12 मई को पंजाब केसरी के संस्थापक रमेश चन्द्र जी शहीद हुए थे तो हर साल उनके बलिदान दिवस पर महामृत्युंज्य मंत्र का जाप प्रसिद्ध भजन गायक शंकर साहनी द्वारा अन्तध्र्यान होकर पंजाब केसरी के संस्थापकों अमर शहीद लाला जगत नारायण जी, रमेश चन्द्र जी, मुख्य सम्पादक अश्विनी जी को श्रद्धांजलि देते हैं। यही नहीं इस बार पहलगाम के शहीदों को भी श्रद्धांजलि देंगे।
इस बार क्योंकि 11 मई को रविवार है इसलिए 11 मई को हमेशा की तरह महामृत्युंज्य मंत्र का जाप सिटी पार्क होटल में होगा। इसमें सभी सदस्य हिस्सा ले सकते हैं। उन्हें अपने-अपने ब्रांच हैड को अपना नाम रजिस्टर्ड करवाना होगा। अगर कोई और बुजुर्ग जो 60 साल से ऊपर है वो सदस्य नहीं है तो उन्हें हमारी हैल्प लाइन पर रजिस्टर्ड करवाना होगा। रजिस्ट्रेशन नि:शुल्क है। ध्यान रहे जो भी सदस्य या अन्य 60+ आएंगे उनके पास आधार कार्ड या क्लब की मैम्बरशिप का कार्ड होना चाहिए तभी एंट्री होगी। सब अपनी सेहत को देखकर या जो दवाइयां लेते हैं उसे लेकर (यानि खाकर) आएंगे ताकि उनकी जिम्मेदारी स्वयं अपनी है। वहां पर मेरा डॉट डॉक्टर, नर्स की टीम आपकी सेहत के लिए होगी। यही नहीं हमारे साथ वर्षों से जुड़े डॉक्टर भागरा श्रीमती डॉक्टर यश भागरा भी वहां उपस्थित रहेंगे परन्तु फिर भी सभी सदस्य अपनी सेहत को देखकर आएं। यही नहीं सभी अपने रजिस्ट्रेशन कराते हुए यह भी बताएं कि उन्हें कुर्सी पर बैठना है या जमीन पर यानि गद्दों पर ताकि उसी अनुसार हम सारी व्यवस्था कर सकें।
10 बजकर 20 मिनट तक सभी अपनी सीटों पर बैठ जाएंगे। जिन्होंने फ्रैश होना है पहले फ्रैश होंगे। कोशिश करें कि पाठ के समय कोई भी अपनी सीट से न हिले (जब तक कोई इमरजैंसी न हो) सभी को वहां ओढऩी (वस्त्र) दिया जाएगा। सभी उसे ओढ़कर बैठेंगे। इस वस्त्र का मतलब होता है ईश्वर के दरबार में सभी एक हैं, कोई अमीर-गरीब नहीं। किसी का कोई अलग धर्म या जाति नहीं। उस समय सभी एक ही रंग में रंग जाएंगे। भक्ति का रंग और उस भक्ति के रस का सभी मिलकर आनंद लेंगे। जैसे कि हम सभी जानते हैं कि महामृत्युंज्य मंत्र का जाप 108 बार शुद्ध उच्चारण के साथ करना मुश्किल होता है परन्तु भजन सम्राट शंकर साहनी के साथ इसे करना बहुत ही आनंदमयी और आसान हो जाता है। सब के फोन साइलैंट मोड पर रहेंगे।
यह जाप सभी वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य व जनकल्याण के लिए होता है। जो हमारे सदस्य या अन्य बुजुर्ग बिस्तर पर हैं उनके लिए लाइव टैलीकास्ट एमएच-1 करेगा और साथ ही साधना चैनल भी दिखाएगा ताकि कोई भी जो इसका आनंद लेना चाहता है वंचित न रहे। जब पाठ समाप्त हो जाएगा सभी पंक्तियों में लगकर शांतिपूर्वक अपना प्रसाद लेकर, निम्बू-पानी की बोतल लेकर जाएंगे। याद रहे मेरी सभी ब्रांच हैड, वालियंटर्स की नजर आप सब पर रहेगी। कोई भी अनुशासन भंग नहीं करेगा। जो करेगा उसकी सदस्यता कैंसिल हो जाएगी।
इसमें सिर्फ लाल कार्ड वाले सदस्य हिस्सा ले सकते हैं। ब्ल्यू कार्ड धारकों के लिए 12 मई को सुबह 10:30 बजे का कार्यक्रम है। उस दिन पहले हम सभी रमेश चन्द्र जी की प्रतिमा पर फूल अर्पित करेंगे और उसके बाद ब्ल्यू कार्ड धारकों को आर्थिक सहायता और उनकी जरूरत का सामान छडिय़ां, राशन, फल, शरबत, जूते दिए जाएंगे। यह सिर्फ कार्यक्रम ब्ल्यू कार्ड धारकों यानी जरूरतमंद बुजुर्गों के लिए ही दिए जाएंगे। जिनके पास ब्ल्यू कार्ड है इसी दिन 70+ लोगों का आयुष्मान वय वंदना कार्ड भी बनेगा। उसके लिए हमारी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी ने आश्वासन दिया है कि वो वैन भेजेंगी। हमारे एमएलए भी उपस्थित रहेंगे।
सो उस दिन हमारा कोई भी सदस्य जो 70+ हैं वो आधार कार्ड के साथ आए और अपना आयुष्मान योजना रजिस्टर्ड करवा के कार्ड बनवाएं। हमारी नोएडा, मॉडल टाऊन ब्रांच में रजिस्टर्ड हो चुका है, जहां 200-200 बुजुर्गों ने अपना नाम आयुष्मान योजना के अन्तर्गत रजिस्टर्ड करवाया है। याद रहे 11 मई लाल कार्ड और 12 मई ब्ल्यू कार्ड धारकों के लिए है।


Download Android App
Download iOS App



