दुनिया में एआई चिप बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग के लिए मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं। उनका एक और अफेयर सामने आ गया है। जिसके चलते सीईओ जेनसन हुआंग को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। कथित रूप से जेनसन के दो एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर से जुड़े खुलासों और चीन के हाथों जासूसी को लेकर यह स्थिति बनी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि यह रिलेशनशिप पहले सामने नहीं आई थी। यह अफेयर एनवीडिया में हेल्थकेयर की वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ था, जो हुआंग को सीधे रिपोर्ट करने वाले लगभग 60 कर्मचारियों में से एक है।
इन दिनों एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग और उनकी प्रेमिका एलिस हुआंग पर जासूसी के गंभीर आरोप लगे हैं। इसके बाद उनकी मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं। एलिस हुआंग एक चीनी एग्जीक्यूटिव हैं, जिन्हें अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने बीजिंग का जासूस माना है। एनवीडिया जासूसी के आरोप को चीन पूरी तरह मनगढ़ंत बता रहा है और यह एक राजनीतिक साजिश है।
बीजिंग दुनिया को यह यकीन दिलाना चाहता है कि एक कथित चीनी जासूस, सिंगापुर की एक रहस्यमय कंपनी, अरबों डॉलर के एनवीडिया चिप्स और कंपनी के अरबपति सीईओ के साथ नजदीकी रिश्ते-यह सब अमेरिका की गढ़ी हुई कहानी है लेकिन चीन का पुराना इतिहास कुछ और ही कहानी कहता है। अमेरिकी जांच एजेंसियों को शक है कि जेनसन की गर्लफ्रेंड एलिस चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करती थीं। आरोप है कि चीन ने उन्हें जेनसन हुआंग से जानकारी जुटाने और एनवीडिया की चिप बिक्री नीति को प्रभावित करने के लिए तैयार किया था। इस मामले के सामने आने के बाद एनवीडिया के बोर्ड ने जांच शुरू की है।
इसी बीच जेनसन हुआंग ने अपनी पत्नी को धोखा देने की बात भी स्वीकार की है लेकिन इस व्यक्तिगत खुलासे के पीछे भू-राजनीति का एक ऐसा खतरनाक खेल सामने आया है जिसने दुनियाभर के बाजारों और खुफिया एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि ताइवान की राजधानी ताइपे के एक बार और रेस्टोरेंट में जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग के बीच की नजदीकियां कैमरे में कैद हुईं। ताइवानी मीडिया ने तो यहां तक दिखाया कि एलिस, जेनसन के गाल पर किस कर रही थीं।
जून 2024 में ताइवान की राजधानी ताइपे के एक बार में एलिस और जेनसन की तस्वीर सामने आई थी। दोनों वहां गीगाबाइट और नेटथंडर कंपनियों के अधिकारियों के साथ मौजूद थे। मई 2025 में भी एलिस को ताइपे के एक रेस्टोरेंट के बाहर जेनसन के पीछे खड़े देखा गया था। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों को शक है कि चीन की खुफिया एजेंसी ने एलिस को जेनसन से जानकारी जुटाने के लिए तैयार किया था। चीन का मकसद एनवीडिया की एडवांस चिप चीन को बेचने की नीति को प्रभावित करना भी हो सकता था।
मेगास्पीड ने पिछले दो साल में एनवीडिया की 4.8 अरब डॉलर से ज्यादा की चिप खरीदीं। कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में एनवीडिया की सबसे बड़ी ग्राहकों में शामिल है। इसकी कारोबारी जड़ें चीन की गेमिंग कंपनी 7रोड से जुड़ी बताई जाती हैं। यह चीन के पारंपरिक जासूसी पैंतरों से पूरी तरह मेल खाता है। कभी जासूस अंधेरी गलियों में छिपकर रहस्य चुराते थे, अब वही काम खुले इंटरनेट पर बिखरे डेटा से हो रहा है। चीन सोशल मीडिया, एआई और आम लोगों की डिजिटल जानकारी को जोड़कर जासूसी का ऐसा नया तंत्र बना रहा है जिसने दुनिया की सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
चीन में करीब 6,00,000 लोग खुफिया और सुरक्षा पर काम करते हैं जो दुनिया के किसी भी अन्य देश की तुलना में अधिक है। ब्रिटिश खुफिया एजेंसी एमआई5 केन मैक्कलम के अनुसार, अकेले ब्रिटेन में 20,000 से अधिक लोगों से चीनी जासूसों ने लिंक्डइन जैसी नेटवर्किंग साइटों पर संपर्क किया है। केन का कहना है कि इसके गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा निहितार्थ के साथ-साथ आर्थिक परिणाम भी हो सकते हैं। बीजिंग ने हाल के वर्षों में अमेरिका की जासूसी कैसे की है? उसके कुछ उदाहरण इस तरह से हैं।
अमेरिका ने 2022 में अपनी वार्षिक खुफिया रिपोर्ट में चेतावनी दी थी कि एशियाई शक्ति चीन “अमेरिकी सरकार और निजी क्षेत्र के लिए सबसे व्यापक, सबसे सक्रिय और लगातार साइबर जासूसी के खतरे” का प्रतिनिधित्व करता है।
2021 में अमेरिका, नाटो और अन्य सहयोगियों ने कहा कि चीन ने अपने सुरक्षा एजेंटों को ईमेल भेजने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के ईमेल सिस्टम में कमजोरियों का फायदा उठाने के लिए “अनुबंध हैकर्स” को काम पर रखा था, कॉर्पोरेट डेटा और अन्य संवेदनशील जानकारी तक पहुंचा जा सकता है।
अमेरिकी सरकार के बयानों और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक चीनी साइबर जासूसों ने अमेरिकी ऊर्जा विभाग, यूटिलिटी कंपनियों, दूरसंचार फर्मों और विश्वविद्यालयों को भी हैक किया है। बीजिंग द्वारा जासूसी का खतरा प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भी फैल गया है क्योंकि ऐसी चिंताएं हैं कि देश से जुड़ी चीनी कंपनियों को सरकार के साथ जानकारी साझा करने के लिए मजबूर किया जा सकता है। इन चिंताओं के आधार पर अमेरिका के न्याय विभाग ने 2019 में चीनी कंपनी हुवावेई पर व्यापार रहस्य और अन्य अपराधों को चुराने का आरोप लगाया था।
विशेषज्ञों, अमेरिकी सांसदों और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक बीजिंग सरकार भी खुफिया जानकारी इकट्ठा करने और संवेदनशील तकनीक चोरी करने में मदद करने के लिए विदेशों में चीनी नागरिकों पर निर्भर है। इस संबंध में सबसे प्रसिद्ध मामलों में से एक जी चाओकुन का था, जिसे जनवरी में अमेरिका में आठ साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। उन पर चीनी खुफिया एजेंसी को संभावित भर्तियों के लिए अपने लक्ष्यों के बारे में जानकारी देने का आरोप लगाया गया था। आपको बताते चलें कि इतिहास में ऐसे कई मामले दर्ज हैं जिसने चीन की नापाक चाल को बेनकाब किया है।
कैटरीना ल्यूंग केस (1982-2003)- एफबीआई की मुखबिर निकली कैटरीना असल में चीन के लिए डबल एजेंट का काम कर रही थी और उसने दो अमेरिकी स्पेशल एजेंटों के साथ प्रेम संबंध रखकर सीक्रेट जानकारियां लीक की थीं।
क्रिस्टीन फैंग केस (2011-2015)- एक चीनी छात्रा ने अमेरिका पहुंचकर कई बड़े राजनीतिक नेताओं और कांग्रेस के सदस्यों को अपने प्रेम जाल में फंसाया था। बेंजामिन पियर्स बिशॉप केस- एक अमेरिकी रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल को एक चीनी छात्रा ने ऐसा हनीट्रैप किया कि उसने देश के परमाणु और सैन्य राज चीन को सौंप दिए थे।


Download Android App
Download iOS App




