सिखों के प्रति मरियम के दावे और जमीनी हकीकत में अंतर?

Summary :

पाकिस्तान की सरकार और वहां के राजनीतिक नेतृत्व की सिखों के प्रति हमदर्दी के दावों की असलियत को समझने के लिए किसी बड़े विश्लेषण की जरूरत नहीं है। उसके राजनीतिक बयानों और जमीनी हकीकत के बीच दिखाई देने वाला अंतर ही बहुत कुछ बयां करता है। एक तरफ पाकिस्तान दुनियाभर के सिखों को गुरु साहिबान की ऐतिहासिक धरती पर आने का निमंत्रण देता है, करतारपुर साहिब में स्वागत समारोह आयोजित करता है, सिख विरासत के संरक्षण की घोषणाएं करता है और अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में धार्मिक सहिष्णुता की तस्वीर पेश करता है। दूसरी तरफ उसी देश में सिखों की सुरक्षा, उनकी…

पाकिस्तान की सरकार और वहां के राजनीतिक नेतृत्व की सिखों के प्रति हमदर्दी के दावों की असलियत को समझने के लिए किसी बड़े विश्लेषण की जरूरत नहीं है। उसके राजनीतिक बयानों और जमीनी हकीकत के बीच दिखाई देने वाला अंतर ही बहुत कुछ बयां करता है। एक तरफ पाकिस्तान दुनियाभर के सिखों को गुरु साहिबान की ऐतिहासिक धरती पर आने का निमंत्रण देता है, करतारपुर साहिब में स्वागत समारोह आयोजित करता है, सिख विरासत के संरक्षण की घोषणाएं करता है और अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में धार्मिक सहिष्णुता की तस्वीर पेश करता है।

दूसरी तरफ उसी देश में सिखों की सुरक्षा, उनकी बेटियों के अधिकार, ऐतिहासिक गुरुद्वारों की दुर्दशा और धार्मिक संपत्तियों पर कब्जों को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। आखिर यह कैसी हमदर्दी है, जो कैमरों के सामने दिखाई देती है, लेकिन जमीनी स्तर पर उसकी परीक्षा होते ही सवालों के घेरे में आ जाती है? पाकिस्तान के पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज़ भी इसी राजनीतिक तस्वीर का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, कभी सिख श्रद्धालुओं का स्वागत करके पंजाबी भाईचारे की बातें की जाती हैं, कभी गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करके धार्मिक सद्भाव का संदेश दिया जाता है,

लेकिन सवाल यह है कि क्या केवल स्वागत समारोह आयोजित करना और सिखों के साथ तस्वीरें खिंचवाना ही सम्मान का प्रमाण है? सिख धर्म की मर्यादा, गुरुद्वारों की पवित्रता और धार्मिक संस्थाओं के अधिकारों के प्रति सरकार का व्यवहार भी उतना ही महत्वपूर्ण है। गुरुद्वारा पंजा साहिब से जुड़े हालिया घटनाक्रम में मुख्यमंत्री के नतमस्तक हुए बिना लौटने को लेकर उठे सवालों पर भी स्पष्टता आवश्यक है। देखा गया कि मरियम नवाज गुरुद्वारा पंजा साहिब के मेन गेट पर उद्घाटन के लिए लम्बे समय तक रुकी, सिख बच्चों को गोद में लेकर सिखों से हमदर्दी की नौटंकी की, मगर गुरुद्वारा साहिब के भीतर जाकर नतमस्तक होना मुनासिब नहीं समझा।

किसी की व्यक्तिगत आस्था पर टिप्पणी करना उचित नहीं, लेकिन धार्मिक स्थलों के प्रति राजनीतिक नेतृत्व के व्यवहार पर सवाल उठाना जनता का अधिकार है। पाकिस्तान की कथित धार्मिक सहिष्णुता की परीक्षा उस समय भी हुई जब पंजाब प्रांत के फरूकाबाद में लगभग 125 वर्ष पुराने गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा को जून 2026 में एक स्थानीय कारोबारी द्वारा गिराए जाने की घटना सामने आई। अल्पसंख्यक समुदायों की लड़कियों के कथित अपहरण, जबरन धर्मांतरण और परिवारों की शिकायतों को लेकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आवाजें उठती रही हैं।

जिस देश में अल्पसंख्यक परिवार अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हों, वहां धार्मिक पर्यटन के प्रचार से भरोसा पैदा नहीं किया जा सकता। ऐतिहासिक गुरुद्वारों की स्थिति भी पाकिस्तान सरकार के दावों पर प्रश्नचिह्न लगाती है।
पाकिस्तान के सिखों के लिए मोदी सरकार ने खोले दरवाजे : विदेशों में बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की आलोचना करने वाले कुछ सिख नेताओं और संगठनों को शायद यह तस्वीर भी देखनी चाहिए कि भारत सरकार की नीतियों और उसके व्यवहार में सिखों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता किस तरह दिखाई देती है।

यह सम्मान केवल भारत में रहने वाले सिखों तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाले सिखों के लिए हैं, चाहे वह पाकिस्तान में ही क्यों न रहते हों। प्रधानमंत्री से लेकर केंद्र सरकार के मंत्रियों तक, अनेक अवसरों द्वारा यह संदेश दिया गया है कि सिखों की आस्था, उनके धार्मिक अधिकारों और गुरु साहिबान से जुड़ी विरासत का सम्मान भारत की प्राथमिकताओं में शामिल है। हाल ही में पाकिस्तानी सिख श्रद्धालुओं के एक जत्थे के साथ भारत सरकार ने जो संवेदनशीलता दिखाई, वह इस भावना का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।

पाकिस्तान से सिख श्रद्धालुओं का यह जत्था भारत के ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन करने और यहां रहने वाले अपने परिजनों तथा परिचितों से मिलने के लिए आना चाहता था। उनकी इच्छा थी कि वे अटारी सीमा के रास्ते भारत पहुंचें, ताकि कम खर्च और कम समय में अपनी यात्रा पूरी कर सकें, लेकिन पाकिस्तान सरकार से उन्हें अटारी सीमा से आने की अनुमति नहीं मिली।

इसके कारण श्रद्धालुओं को लंबा और खर्चीला वैकल्पिक रास्ता अपनाने की योजना बनानी पड़ी। उन्होंने लाखों की टिकटें लेकर कई देश से होकर भारत आने का प्रोग्राम बनाया, मगर उड़ान रवाना होने से कुछ मिनट पहले पाकिस्तानी सरकार की ओर से उन्हें रोक दिया गया, जिस घटनाक्रम ने श्रद्धालुओं को निराश किया और दोनों देशों में इस विषय पर चर्चा तथा विवाद भी हुआ। बाद में उन्हें भारत आने की अनुमति तो मिल गई, लेकिन इस बार भी अटारी सीमा का रास्ता नहीं खोला गया।

दूसरी ओर भारत सरकार ने उनकी वापसी के समय मानवीय आधार पर नियमों के विरुद्ध जाकर वाघा बार्डर खोलकर उन्हें अपने वतन भेजकर संसारभर में एक मिसाल कायम की। भारत पहुंचने पर पाकिस्तानी सिख श्रद्धालुओं को जिस तरह सम्मान और अपनापन मिला, वह उनके लिए निश्चित रूप से यादगार अनुभव रहा होगा। उनकी यात्रा में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका, महासचिव सरदार जगदीप सिंह कहलों और विशेष रूप से सरदार परमजीत सिंह चंडोक की भूमिका उल्लेखनीय रही। उन्होंने भारत सरकार के गृह मंत्रालय के साथ लगातार तालमेल स्थापित कर आवश्यक अनुमतियां और व्यवस्थाएं कराने में महत्वपूर्ण प्रयास किए।

भारत पहुंचने के बाद इस जत्थे ने हेमकुंड साहिब और श्री दरबार साहिब, अमृतसर सहित पवित्र गुरुधामों के दर्शन किए। रागी जत्थों के लिए गुरबाणी कीर्तन ‘‘सेवा है या व्यवसाय’’? : सिख धर्म में गुरबाणी कीर्तन का स्थान अत्यंत ऊंचा और पवित्र है। कीर्तन केवल संगीत की कला या अपनी आवाज का हुनर दिखाने का मंच नहीं, बल्कि गुरु साहिब की वाणी को संगत तक पहुंचाने और मनुष्य के मन को नाम से जोड़ने का महान माध्यम है।

सिख इतिहास गवाह है कि गुरु साहिबान के समय से ही कीर्तन की परंपरा को विशेष सम्मान मिलता रहा है। श्री गुरु नानक देव जी के साथ भाई मरदाना, भाई बाला जी ने रबाब के माध्यम से गुरबाणी का कीर्तन किया। भाई गोपाल सिंह जी जैसे कीर्तनी आज भी संगत के दिलों में बसे हुए हैं। उनके कीर्तन में सुरों की मिठास के साथ गुरबाणी के प्रति श्रद्धा, विनम्रता और आध्यात्मिकता का एहसास होता था। ऐसे अनेक कीर्तनी हुए हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन गुरबाणी की सेवा को समर्पित कर दिया।

उनके लिए कीर्तन कोई कारोबार नहीं, बल्कि गुरु घर की बख्शी हुई सेवा थी, लेकिन आज के समय में कुछ रागी जत्थों के व्यवहार को देखकर यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या कीर्तन की पवित्र परंपरा को पेशेवर लेन-देन और निजी अहंकार का मंच बनाया जा रहा है? बीते दिनों फगवाड़ा में कीर्तन के दौरान हुई घटना बेहद दुखद है। सामने आए विवरणों के अनुसार, कीर्तन कर रहे रागी जत्थे को मंच से ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करना पड़ा, जो गुरु साहिब की हजूरी में नहीं कहे जाने चाहिए थे। गुरु घर का मंच किसी की नाराजगी, विवाद या निजी अहंकार प्रकट करने की जगह नहीं है, लेकिन इस घटना के पीछे बताए जा रहे हालात भी विचार करने योग्य हैं।

दावा किया जा रहा है कि इसी समय कीर्तन करने के लिए प्रतीक्षा कर रहे भाई जगजीत सिंह बबीहा की ओर से बार-बार संदेश भेजे जा रहे थे कि भाई कुलविंदर सिंह अपना कीर्तन समाप्त करके मंच से हट जाएं, ताकि वह गुरु दरबार में हाजिरी लगा सकें। यदि ऐसा हुआ है तो यह रवैया भी गुरु घर की मर्यादा और आपसी सम्मान के अनुकूल नहीं कहा जा सकता। किसी भी जत्थे को अपनी बारी की प्रतीक्षा करनी चाहिए, न कि दूसरे जत्थे पर कीर्तन बंद करने के लिए दबाव बनाना चाहिए।

Team Desk