निकल गई ट्रम्प की हेकड़ी

Summary :

अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में रिप​ब्लिकन पार्टी की करारी हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की हेकड़ी निकल गई लगती है। युद्ध उन्माद और खुद को सर्वशक्तिमान दिखाने का भ्रम पाल बैठे ट्रम्प के तेवर अब नरम पड़ने लगे हैं। जिस ट्रम्प ने ईरान पर हमला कर वहां सत्ता परिवर्तन का षड्यंत्र रचा था अब बुरी तरह से पस्त हो चुके हैं। ट्रम्प का कहना है कि ईरान से युद्ध अब खत्म हो चुका है। अगर ईरान के साथ शांति समझौते पर बातचीत आगे बढ़ती है तो अमेरिका उस पर आगे हमला नहीं करेगा। उधर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास…

अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में रिप​ब्लिकन पार्टी की करारी हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की हेकड़ी निकल गई लगती है। युद्ध उन्माद और खुद को सर्वशक्तिमान दिखाने का भ्रम पाल बैठे ट्रम्प के तेवर अब नरम पड़ने लगे हैं। जिस ट्रम्प ने ईरान पर हमला कर वहां सत्ता परिवर्तन का षड्यंत्र रचा था अब बुरी तरह से पस्त हो चुके हैं। ट्रम्प का कहना है कि ईरान से युद्ध अब खत्म हो चुका है।

अगर ईरान के साथ शांति समझौते पर बातचीत आगे बढ़ती है तो अमेरिका उस पर आगे हमला नहीं करेगा। उधर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अगर अमेरिका हर मोर्चे पर जंग खत्म करता है तो ईरान दो दिन के अन्दर होर्मुज स्ट्रेट खोल देगा। अमेरिका और इजराइल ने इसी वर्ष 28 फरवरी को परमाणु हथियार बनाने का आरोप लगाते हुए ईरान पर हमले शुरू किए थे। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी हमले ​किए। ईरान ने अमेरिका के मित्र खाड़ी देशों को निशाना बनाना शुरू किया तो हालात बदल गए।

इस युद्ध के चलते पूरी दुनिया में उथल-पुथल मची। होर्मुज स्ट्रेट से तेल की सप्लाई अवरुद्ध होने से कीमतें बढ़ीं, जिससे पूरी दुनिया प्रभावित हुई। ट्रम्प ने चुनावों में हार के बाद यह भी स्वीकार किया कि उनकी अप्रवासन नीतियां कुछ ज्यादा ही सख्त रहीं, जिसके चलते चुनावों में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। ट्रम्प के नरम रुख और युद्ध के खत्म होने संबंधी बयान के बाद अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों का घटना तय है। यूक्रेन-रूस युद्ध रुकवाने के मोर्चे पर भी वे पूरी तरह से विफल साबित हुए हैं।

यूक्रेन भी उनके नियंत्रण से बाहर हो चुका है। मिडटर्म चुनावों में हार के बाद अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स को बहुमत मिलने से विपक्ष को नई ताकत मिली है। अब वे ट्रम्प को कानून बनाने से रोक सकते हैं। ट्रम्प सरकार के कामकाज की बड़े स्तर पर जांच शुरू कर सकते हैं और न्यायपालिका के साथ-साथ सरकार के बड़े पदों पर ट्रम्प की नियुक्तियों को रोक सकते हैं। डेमोक्रेट्स अमेरिकी रक्षामंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लेकर आए थे।

हालांकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के रक्षामंत्री का खुलकर समर्थन करने के बाद अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने इस प्रस्ताव को खारिज कर ​दिया। यह प्रस्ताव ईरान के साथ जारी युद्ध से निपटने के तरीके और पद पर रहते हुए उनके आचरण को लेकर लाया गया था। इस प्रस्ताव के खारिज होने से हेगसेथ को अस्थायी राहत तो मिली है लेकिन जनवरी में जब डेमोक्रेट्स कांग्रेस के दोनों सदनों का नियंत्रण सम्भालेंगे तो रक्षामंत्री की जवाबदेही तय करने के प्रयास फिर से हो सकते हैं। नई संसद जनवरी में शुरू होगी, तब जेफरीज हाउस के पहले अश्वेत स्पीकर बन सकते हैं।

दूसरी तरफ ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर यह भी कहा कि अगर वे खुद चुनाव लड़ रहे होते तो रिपब्लिकन भारी बहुमत से जीतते, जबकि पूरे प्रचार के दौरान वे समर्थकों से बार-बार कहते रहे थे कि ऐसा मानो मैं ही बैलेट पर हूं। उन्होंने डेमोक्रेट्स के द्वारा पास किए कानूनों पर राष्ट्रपति वीटो लगाने की धमकी भी दोहराई और सोशल मीडिया पर एक लाल टोपी की तस्वीर पोस्ट की जिस पर सिर्फ लिखा था- वीटो। चुनाव के नतीजों से पता चलता है कि अमेरिका के लोग महंगाई, टैरिफ और ईरान के खिलाफ ट्रम्प की जंग से काफी नाराज हैं।

इस जंग के कारण पैट्रोल-डीजल और ईंधन की कीमतें बहुत बढ़ गई हैं। इससे पहले से ही अलोकप्रिय राष्ट्रपति ट्रम्प के खिलाफ लोगों की नाराजगी और बढ़ गई है। रिपब्लिकन पार्टी की भीतरी राजनीति में भी उथल-पुथल के संकेत मिलने लगे हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपनी पार्टी की हार के लिए सीधे तौर पर ईरान युद्ध को जिम्मेदार ठहराया है। उनके इस बयान को डोनाल्ड ट्रम्प से दूरी बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। जेडी वेंस ने साफ कह दिया है कि ईरान से युद्ध शुरू करने का फैसला राजनीतिक रूप से बड़ी गलती थी। वेंस का बयान ट्रम्प से अलग होकर अपनी अलग पहचान बनाने की बड़ी कोशिश है।

वेंस अगला राष्ट्रपति चुनाव लड़ सकते हैं। इस बात के संकेत उनके द्वारा पार्टी के​ लिए एक राजनीतिक खाका पेश किए जाने से मिलते हैं। उन्होंने मतदाताओं को वापिस आकर्षित करने के लिए चार सूत्रीय रणनीति पेश की है, जिसमें युद्ध खत्म करने, जीवन यापन की लागत और महंगाई पर ध्यान देने, अमेरिका को प्राथमिकता देने और इजराइल के साथ संबंधों में बदलाव शामिल हैं। अगले राष्ट्रपति चुनाव में अभी 2 साल बाकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि वेंस राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल हो सकते हैं। हालांकि विदेश मंत्री मार्को रु​बियो भी इस दौड़ में शामिल हो सकते हैं। देखना होगा ​कि ट्रम्प किसका साथ देते हैं।

सनकी ट्रम्प भारत और अन्य देशों पर रूस से तेल नहीं खरीदने का दबाव डालते रहे लेकिन अपने देश में डीजल की बढ़ती कीमतों को देख रूस से समझौता करने में एक मिनट भी नहीं लगाया। रिप​ब्लिकन पार्टी के नेता ही अब ट्रम्प को कोसने में लगे हुए हैं। पूरी दुनिया को अपनी मनमानी और दादागिरि से नुकसान पहुंचाने वाले ट्रम्प की राजनीतिक ताकत अब खत्म हो चुकी है। इजराइल में नेतन्याहू भी चुनाव हार चुके हैं। अब दुनिया में नया वर्ल्ड ऑर्डर स्थापित होना तय है। देखना होगा कि ट्रम्प अगले 2 वर्ष कैसे निकालते हैं।

Aditya Chopra

Aditya Chopra is well known for his phenomenal viral articles.