घरेलू सुरक्षा के बीच नौकरों पर जरूरत से ज्यादा विश्वास करना और उन्हें घर के सुरक्षा संबंधी काम में शामिल करना एक बड़ी चूक है जो घातक सिद्ध हो सकती है। घरेलू नौकर नियुक्ति में बहुत ज्यादा सतर्क होना जरूरी हो गया है। दिल्ली जैसे बड़े महानगर में अपराध की घटनाएं समय-समय पर समाज को झकझोर देती हैं। हाल ही में दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में एक आयकर विभाग (IRS) अधिकारी की बेटी की नौकर द्वारा कथित रूप से रेप के बाद हत्या की घटना ने लोगों के मन में भय और असुरक्षा की भावना को और गहरा कर दिया है। खासतौर पर जब इस तरह की घटनाओं में घरेलू नौकर या भरोसेमंद लोग शामिल पाए जाते हैं तो यह चिंता और भी बढ़ जाती है कि आखिर आम नागरिक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करें। हम जब-जब चूकते हैं तो हादसे हो जाते हैं। मेरा मानना है कि आज के समय में शहरी जीवन जितना सुविधाजनक हुआ है, उतना ही जटिल और जोखिमपूर्ण भी बन गया है। बड़े शहरों में लोग अक्सर कामकाजी जीवन में व्यस्त रहते हैं, जिसके कारण वे घरेलू कामों के लिए नौकरों, ड्राइवरों और अन्य सहायक कर्मचारियों पर निर्भर हो जाते हैं। यह निर्भरता कई बार बिना पूरी जांच-पड़ताल के भी हो जाती है, जो आगे चलकर खतरे का कारण बन सकती है। जब कोई व्यक्ति घर के अंदर तक पहुंच बना लेता है तो वह परिवार की दिनचर्या, कमजोरियों और सुरक्षा व्यवस्था को अच्छी तरह समझ सकता है। तीन दिन पहले कैलाश हिल्स की िदल दहला देने वाली इस घटना ने यह सवाल खड़ा किया है कि क्या हम केवल भरोसे के आधार पर अपने घर की सुरक्षा को दांव पर लगा रहे हैं? समाज में तेजी से बढ़ती आर्थिक असमानता, बेरोजगारी और मानसिक तनाव भी अपराध के कारणों में शामिल हैं। कुछ लोग लालच, बदले की भावना या अवसर मिलने पर अपराध कर बैठते हैं। ऐसे में केवल पुलिस या प्रशासन पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है, आम नागरिकों को भी अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक और सतर्क रहना होगा। काश! कैलाश हिल्स की वारदात में नौकर राहुल का पुलिस वैरिफिकेशन िकया होता तो बेटी की जान बच सकती थी। यह नौकर अलवर के पुलिस रिकॉर्ड में दुष्कर्म का आरोपी था।
इस कड़ी में सबसे पहले, किसी भी घरेलू कर्मचारी को रखने से पहले उसका पुलिस वैरिफिकेशन कराना अत्यंत आवश्यक है। यह एक साधारण प्रक्रिया है लेकिन कई लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं। इसके अलावा, कर्मचारी का पहचान पत्र, स्थायी पता और पिछले नियोक्ता की जानकारी अवश्य लेनी चाहिए। यह भी जरूरी है कि समय-समय पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाए, बिना किसी संदेह या भेदभाव के, बल्कि एक सावधानी के रूप में। आधुनिक परिवेश में एक और महत्वपूर्ण कदम है तकनीक का उपयोग। आज के दौर में सीसीटीवी कैमरे, स्मार्ट लॉक, वीडियो डोर फोन जैसी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हैं। ये न केवल सुरक्षा बढ़ाते हैं बल्कि किसी घटना के बाद सबूत के रूप में भी मददगार साबित होते हैं। खासतौर पर घर के प्रवेश द्वार, लिविंग एरिया और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर कैमरे लगाना उपयोगी होता है।
एक और पहलू है परिवार के सदस्यों की जागरूकता। बच्चों और बुजुर्गों को यह सिखाना जरूरी है कि वे अजनबियों से दूरी बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत परिवार या पड़ोसियों को दें। कई बार अपराधी घर के सदस्यों की मासूमियत या लापरवाही का फायदा उठाते हैं। बदलते समय में आपसी एकजुटता बहुत जरूरी है। यदि किसी कॉलोनी या अपार्टमेंट में लोग एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हैं तो अपराध की संभावना काफी कम हो जाती है। आरडब्ल्यूए (Resident Welfare Association) की भूमिका भी यहां महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्हें नियमित रूप से सुरक्षा बैठकों का आयोजन करना चाहिए और गार्ड्स तथा स्टाफ की निगरानी सुनिश्चित करनी चाहिए। एक और बात यह है कि पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी भी बहुत ज्यादा बनती है। उन्हें न केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करनी चाहिए, बल्कि रोकथाम के उपायों पर भी जोर देना चाहिए। नियमित पेट्रोलिंग, संवेदनशील इलाकों में निगरानी और नागरिकों के साथ संवाद बढ़ाना आवश्यक है। साथ ही, लोगों को हेल्पलाइन नंबर और आपातकालीन सेवाओं के बारे में जानकारी होनी चाहिए। हमें एक-दूसरे को सुरक्षा के मामले में जानकारियां या अपडेट साझे भी करने चाहिए।
आंकलन किया जाए तो हम पाते हैं कि यह सच है कि हर घरेलू कर्मचारी या सहायक अपराधी नहीं होता। अधिकांश लोग ईमानदारी से काम करते हैं और अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इसलिए जरूरी है कि हम संतुलन बनाए रखें – न तो अंधा भरोसा करें और न ही हर किसी पर शक करें। समझदारी, सतर्कता और सही प्रक्रियाओं का पालन ही सबसे अच्छा उपाय है। कैलाश हिल्स जैसी घटनाएं हमें यह याद दिलाती हैं कि सुरक्षा एक निरंतर प्रक्रिया है, न कि एक बार किया गया इंतजाम। बदलते समय के साथ हमें भी अपनी आदतों और सुरक्षा उपायों को अपडेट करना होगा। यदि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे और छोटे-छोटे कदम उठाए तो हम एक सुरक्षित समाज की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
आज की तारीख में दिल्ली जैसे महानगर में सुरक्षित रहना एक चुनौती जरूर है, लेकिन असंभव नहीं। जागरूकता, तकनीक, सामुदायिक सहयोग और प्रशासनिक सतर्कता के मेल से हम इस चुनौती का सामना कर सकते हैं और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं। पुलिस वैरिफिकेशन के साथ-साथ घरेलू नौकरों को बाजार भेज कर सामान मंगवाना, उनकी गतिविधियों पर नजर रखना आैर घर उनके सहारे छोड़ कर बेफिक्र होने जैसी प्रवृत्ति से बच कर अलर्ट रहना जरूरी है, यही समय की मांग है।






















