पराई जंग लड़ने का एक इतिहास है, भारतवासियों का। जब फिरंगियों के चंगुल में था भारत तो प्रथम व द्वितीय विश्व युद्धों में हज़ारों भारतीय सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति दी। ऐसा गांधी जी की सिफ़ारिश पर किया गया था कि शायद अंग्रेजों के दिल में कुछ नरमी आए और भारत की आज़ादी का मामला आगे चले। उसका प्रहरी और गवाह आज का इंडिया गेट स्मारक है, जिस पर इन बहादुर सैनिकों के नाम लिखे हुए हैं। वास्तव में ये युवा बहुत ग़रीब और पिछड़े परिवारों से आते हैं और क्योंकि क़द, काठी में गठा हुआ और सेहतमंद बदन होता है, थोड़ी सी ट्रेनिंग के पश्चात ही सैनिक बन जाते हैं। कई देश इनको मर्सिनरी सैनिक भी बोलते हैं और किसी भी देश के लिए लड़ सकते हैं, जैसे आज़ादी से पूर्व भारतीय सैनिक ब्रिटेन के लिए लड़े थे। वास्तव में ये सब एक धोखे के जाल में फंस गए। किसी भी निर्धन व बेरोजगार युवक को यदि विदेश में नौकरी करने की बात से रिझाया जाए तो वह तुरंत तैयार हो जाता है।
पंजाब की आब-ओ-हवा ऐसी होती है कि वहां का युवा वर्ग बदन से शक्तिशाली होता है और विदेशों में पसंद किया जाता है। इसका एक उदाहरण है कि ब्रिटेन में और विशेष रूप से साउथऑल में अंग्रेज़ महिलाएं इन युवाओं से शादी करती हैं। यही अमेरिका में होता है। पंजाब के बड़े शहर पटियाला का जिला डेरा बस्सी चंडीगढ़ के करीब है। इधर बीते दिनों एक शादी की रिसेप्शन में चर्चा चली तो पता चला कि कुछ परिवार परेशान इसलिए हैं, क्योंकि इनके गांवों और परिवारों के कई नौजवानों को भारत से हजारों किलोमीटर दूर चल रही रूस और यूक्रेन की जंग में झोंक दिया गया है। ये रूस की तरफ से लड़ रहे हैं। इस युद्ध में बहुत सारे हिन्दुस्तानी नौजवान अकारण शहीद भी हो गए हैं।
अब युद्ध सिर्फ दो देशों की लड़ाई नहीं रह गई है। इसमें हमारे देश के साधारण नौजवान भी बिना अपनी मर्जी के फंस गए हैं। बेहतर नौकरी, अच्छी कमाई और विदेश में बसने के सपने देखकर रूस गए ये युवा एजेंटों के जाल में फंस गए। उन्हें ‘सुरक्षा गार्ड’ या ‘हेल्पर’ की जॉब का लालच दिया गया लेकिन रूस पहुंचते ही पासपोर्ट छीन लिया गया, हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी गई और सीधे यूक्रेन के फ्रंट पर भेज दिया गया। अब तक 36 भारतीय इस जंग में शहीद हो चुके हैं, 11 लापता हैं। ये आंकड़े खुद सरकार ने संसद में दिए हैं।
जर्मन की दोएशे वेले और बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रूस की यात्रा के दौरान 8 जुलाई 2024 को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ इस मसले पर बैठक हुई। इसमें प्रधानमंत्री मोदी जी ने भारतीयों को धोखे से रूसी सेना में भर्ती किए जाने, उनकी जल्द रिहाई और वापसी का मुद्दा उठाया।
पंजाब, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा समेत कई राज्यों से युवा इस जाल में फंसे। सीबीआई ने ह्यूमन ट्रैफिकिंग के कई मामले दर्ज किए हैं। एजेंट सोशल मीडिया, यूट्यूब पर लालच देते थे- अच्छी सैलरी, आसान काम, कोई खतरा नहीं। कई लड़के फ्रंट से ‘प्लीज बचाओ’ वाले वीडियो भेजकर मदद मांगते थे। इस बीच, 18 दिसंबर 2025 को राज्यसभा में विदेश मंत्रालय की ओर से राज्य मंत्री श्री कीर्ति वर्धन सिंह ने लिखित जवाब दिया। सवाल तृणमूल कांग्रेस सांसद सकेत गोखले और कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पूछा था।
सरकार के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2022 से अब तक 205 भारतीय नागरिक रूसी सशस्त्र बलों में भर्ती हुए माने जाते हैं। इनमें से 36 भारतीय युद्ध में मारे गए हैं। 11 भारतीय लापता बताए गए हैं। सरकार के कूटनीतिक प्रयासों से 119 भारतीयों को समय से पहले छुट्टी दिलाई गई और उन्हें भारत वापस लाया गया। काफी संख्या में भारतीय अभी भी फंसे हुए हैं, उनकी छुट्टी के लिए लगातार कोशिशें जारी हैं।
लड़ाई में मारे गए भारतीयों के शवों की वापसी के बारे में मंत्री ने बताया कि 10 मृत भारतीयों के शव भारत लाए गए हैं, जबकि 2 का रूस में ही अंतिम संस्कार कराया गया। 18 मृत या लापता भारतीयों के परिवारों के डीएनए सैंपल रूसी अधिकारियों को दिए गए हैं ताकि शवों की सही पहचान हो सके। भारतीय दूतावास ने फंसे हुए नागरिकों को यात्रा दस्तावेज और हवाई टिकट उपलब्ध कराए। विदेश मंत्रालय ने बार-बार चेतावनी जारी की है कि रूस में सुरक्षा गार्ड या हेल्पर की नौकरी के चक्कर में न पड़ें। परिवारों की पीड़ा अत्यधिक है। डेरा बस्सी में पंजाब के धुरी शहर से आए परमजीत सिंह नाम के सज्जन ने बताया कि उनके शहर और प्रदेश के बहुत सारे नौजवान रूस की तरफ से यूक्रेन के खिलाफ लड़ रहे हैं। इनके परिवार वाले इन्हें वापस बुलाने की कोशिशें कर रहे हैं।
हैदराबाद के तीस साल के मोहम्मद अफसान की कहानी रुला देती है। कपड़ों की दुकान पर काम करने वाले अफसान दो छोटी बच्चियों के पिता थे। एजेंट ने उन्हें “हेल्पर की आसान जॉब” का लालच दिया। दिसंबर 2023 में रूस गए और फरवरी 2024 में यूक्रेन के हमले में शहीद हो गए। भाई मोहम्मद इमरान बताते हैं, ‘भाई को फ्रंट पर नहीं भेजने का वादा किया गया था। गुजरात के सूरत का 23 वर्षीय हेमिल अश्विनभाई मंगुकिया भी इसी धोखे का शिकार बना। दिसंबर 2023 में हेल्पर की जॉब के चक्कर में गया। फरवरी 2024 में डोनेत्स्क में यूक्रेनी एयर स्ट्राइक में शहीद हो गया। पिता अश्विनभाई मॉस्को तक गए शव लेने। बेटे ने शुरुआत में कुछ पैसे घर भेजे थे लेकिन फिर फ्रंट की खबर आई। परिवार अब पैसे से बेटे को वापस नहीं ला सकता। हेमिल की मां रात-रात भर रोती है। पूरा परिवार टूट गया है।
डेरा बस्सी में ही हरियाणा के हिसार जिले के सोनू कुमार की कहानी पता चली। वह मई 2024 में भाषा सीखने के नाम पर रूस गया था। सितंबर 2025 में ड्रोन अटैक में शहीद हो गया। सोनू के परिवार वालों को एक रूसी अधिकारी ने फोन पर सूचना दी कि वह जंग में मारा गया। शव करीब दो महीने बाद आया। गांव में अंतिम संस्कार के समय सबकी आंखें नम थीं। सोनू का दोस्त अमन अभी भी लापता है। परिवार शहीद का दर्जा और मुआवजा मांग रहा है। ये युवा गैर-कानूनी तरीके से नहीं गए, लेकिन धोखे से फंस गए। बेशक, जिनके बच्चे फंस गए उनके परिवारों की पीड़ा कल्पना से परे है। अफसान की बच्चियां बाप के बिना बड़ी होंगी। सोनू के गांव में हर कोई सोचता है- हमारा बेटा क्यों? ये लड़के अपनी मातृभूमि के लिए नहीं, किसी और की जंग में शहीद हुए। उन्हें शहीद का दर्जा, उचित मुआवजा और सम्मान मिलना चाहिए। संसद में आंकड़े दिए गए लेकिन असल मदद अभी बाकी है- बचे हुए लड़कों को घर लाना, परिवारों को सहारा देना और भविष्य में ऐसी धोखाधड़ी रोकना। हमारी युवा शक्ति को विदेशी जंगों में बर्बाद नहीं होने देना चाहिए।
रूस-यूक्रेन जंग लड़ते-मरते भोले भारतीयों को बचाया जाए
Summary :
पराई जंग लड़ने का एक इतिहास है, भारतवासियों का। जब फिरंगियों के चंगुल में था भारत तो प्रथम व द्वितीय विश्व युद्धों में हज़ारों भारतीय सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति दी। ऐसा गांधी जी की सिफ़ारिश पर किया गया था कि शायद अंग्रेजों के दिल में कुछ नरमी आए और भारत की आज़ादी का मामला आगे चले। उसका प्रहरी और गवाह आज का इंडिया गेट स्मारक है, जिस पर इन बहादुर सैनिकों के नाम लिखे हुए हैं। वास्तव में ये युवा बहुत ग़रीब और पिछड़े परिवारों से आते हैं और क्योंकि क़द, काठी में गठा हुआ और सेहतमंद बदन…


Download Android App
Download iOS App



