पिछले साल दर्शकों को एंटरटेन करने वाली ‘दुपहिया’ वेब सीरिज़ अब अपने दूसरे सीजन के साथ वापस आ गई है। धड़कपुर गांव की कहानी इस बार पहले से ज्यादा रोमांच, कॉमेडी और इमोशनल ड्रामा लेकर आई है।
- वेब सीरीज: दुपहिया सीजन 2
- ओटीटी प्लेटफॉर्म: एमएक्स प्लेयर (अमेजन)
- कलाकार: गजराज राव, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, रेणुका शहाणे, दिनेश लाल यादव (निरहुआ), शिवांगी रघुवंशी
- निर्देशक: सोनम नायर
- रेटिंग: 3/5
सीजन 2 में जहां पुराने किरदार अपनी परेशानियों से जूझते नजर आते हैं, वहीं इस बार कहानी में कुछ नए चेहरे और नए विवाद भी जुड़ते दिखाई दिए हैं। तो चलिए जानते हैं कि ‘दुपहिया सीजन 2’ दर्शकों के लिए कितना एंटरटेनिंग और पैसा वसूल साबित होती है।
Dupahiya Season 2 Review: क्या है ‘दुपहिया सीजन 2’ की कहानी?

आपको बता दें कि इस बार की कहानी धड़कपुर के झा परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां परिवार का हर सदस्य अपनी अलग परेशानिंयों में उलझा हुआ है। परिवार के मुखिया मास्टर बनवारी जी (गजराज राव) अपने खेत में मोबाइल टावर लगवाने की प्लानिंग बना रहे हैं। हालांकि, गांव के लोग इस फैसले के सख्त खिलाफ हैं और यहीं से कहानी में नया विवाद खड़ा होता है।
दूसरी ओर परिवार की बेटी रोशनी (शिवांगी रघुवंशी) SSC परीक्षा पास करने के लिए अमावस (भुवन अरोड़ा) के साथ मिलकर पेपर लीक का रास्ता तलाशती है। वहीं परिवार का इकलौता चिराग भूगोल (स्पर्श श्रीवास्तव) अपनी जिंदगी में कुछ बड़ा करने का सपना देखता है और फिल्म स्टार बनने की कोशिश में लगा हुआ है।
हालांकि कहानी आगे बढ़ने के साथ पेपर लीक का मुद्दा एक गंभीर सामाजिक पहलू सामने लाता है। सीरीज नकल माफिया के उस खेल को दिखाती है, जिसका सीधा असर मेहनत और एबिलिटी के दम पर आगे बढ़ने वाले स्टूडेंट्स पर पड़ता है। झा परिवार की इन तमाम परेशानियों के सॉल्यूशन की तलाश ही सीजन 2 की कहानी को आगे बढ़ाती है। कॉमेडी और इमोशनल मोमेंट्स के साथ इस बार थ्रिल का तड़का भी देखने को मिलता है। लेखक अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग ने आठ एपिसोड में कहानी को इस तरह पिरोया है कि दर्शकों की दिलचस्पी बनी रहती है।
नए किरदारों ने बढ़ाया रोमांच

‘दुपहिया सीजन 2’ में कुछ नए किरदार भी जोड़े गए हैं, जिनमें भोजपुरी सिनेमा के पॉपुलर एक्टर दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ मेन हैं। वह कॉम्पटीटिव एक्ज़ाम से जुड़े एक डायरेक्टर और मास्टर प्रथम बाबू के किरदार में नजर आते हैं। उनका केरेक्टर पेपर लीक से जुड़े पूरे खेल में अहम रोल निभाता है। निरहुआ का किरदार कहानी में नया मोड़ लाने के साथ-साथ काफी दिलचस्प भी है। इसके अलावा सूर्यांशु मिश्रा ने मोबाइल टावर कंपनी के एजेंट शीतल का रोल निभाया है और अपने रोल में उन्होंने काफी असर छोड़ा है।
पुराने कलाकारों की बात करें तो सभी कलाकार इस सीजन में भी अपने किरदारों के साथ अच्छी तरह जुड़े नजर आते हैं। उनकी टाइमिंग और स्क्रीन प्रेजेंस सीरीज के कॉमिक हिस्से को मजबूत बनाती है।
सोनम नायर का निर्देशन कैसा है?

पहले सीजन की तरह निर्देशक सोनम नायर ने इस बार भी ‘दुपहिया’ की स्पिरीट को बरकरार रखा है। हालांकि दूसरे सीजन का ट्रीटमेंट पहले से थोड़ा अलग है, इस बार कहानी में कॉमेडी के साथ सामाजिक मुद्दों और रोमांच पर ज्यादा जोर दिया गया है। सोनम नायर ने ग्रामीण माहौल और किरदारों को कहानी की असल बैकग्राउंड में रखने की कोशिश की है। स्क्रीनप्ले में कॉमेडी और सीरियस सब्जैक्ट के बीच बैलेंस बनाने की कोशिश नजर आती है।
फाइनल वर्डिक्ट

अगर आपको ‘दुपहिया’ का पहला सीजन पसंद आया था, तो दूसरे सीजन से भी निराशा नहीं होगी। इस बार धड़कपुर के किरदार नई परेशानियों और नए रोमांच के साथ लौटे हैं। सीरीज की सबसे खास बात इसका कॉमेडी और सामाजिक मुद्दे का मेल है। हालांकि कुछ जगह कहानी थोड़ी धीमी महसूस हो सकती है, लेकिन कुल मिलाकर आठ एपिसोड का यह सीजन मनोरंजन के साथ एक जरूरी मुद्दे पर भी ध्यान खींचता है। कॉमेडी, ड्रामा और हल्के-फुल्के रोमांच वाली ये वेब सीरीज पसंद करने वाले दर्शक ‘दुपहिया सीजन 2’ को अपनी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




