अनिल विज की मांग, सैन्य बलों को सौंपा जाए ऑक्सीजन प्लांट्स की सुरक्षा और संचालन

Summary :

हरियाणा के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सभी ऑक्सीजन प्लांट्स का नियंत्रण और प्रबंधन, उनकी सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए सैन्य या अर्धसैनिक बलों को सौंपे जाने की मांग की है।

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच देश में तेजी से ऑक्सीजन की मांग बढ़ रही है। हालात यहां तक हैं कि भारत को विदेशों से ऑक्सीजन लानी पड़ रही है। इस बीच हरियाणा के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सभी ऑक्सीजन प्लांट्स का नियंत्रण और प्रबंधन, उनकी सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए सैन्य या अर्धसैनिक बलों को सौंपे जाने की मांग की है। 
जारी बयान के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री विज ने कहा कि अगर किसी भी कारण से ऑक्सीजन संयंत्र काम करना बंद कर देता है तो इससे मरीजों की जान जा सकती है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, “सभी ऑक्सीजन प्लांट्स  का नियंत्रण और प्रबंधन, उनकी सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए सैन्य या अर्धसैनिक बलों को सौंपा जाना चाहिए।”


एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, बुधवार को विज ने कहा था कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में 60 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए जाएंगे। 30, 50, 100 और 200 बिस्तर क्षमता वाले विभिन्न सरकारी अस्पतालों में प्लांट स्थापित किए जाएंगे। हरियाणा में हाल के हफ्तों में कोविड-19 मामलों में काफी वृद्धि हुई है और चिकित्सा ऑक्सीजन की मांग कई गुना बढ़ गई है।  

Desk Team