चंडीगढ़ : हरियाणा में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी छोड़ने वाले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने मंगलवार को ऐलान किया कि वह राष्ट्रीय राजधानी में ‘‘दिल्ली बचाओ, भारत बचाओ अभियान’’ शुरू करेंगे और इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ी समस्याओं को उठाया जाएगा । प्रेट्र से बातचीत करते हुए तंवर ने कहा कि यह पूरी तरह ‘‘सामाजिक पहल’’ होगी । साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि अब तक उनकी योजना किसी राजनीतिक पार्टी के गठन की नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम लोगों ने राष्ट्र निर्माण के लिए पहल शुरू की है । हमने अपने पहले अभियान को ‘‘दिल्ली बचाओ, भारत बचाओ अभियान’’ का नाम दिया है । बाद में इस अभियान को दूसरे हिस्से में भी ले जाया जाएगा । उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश में इसे ‘‘उत्तर प्रदेश बचाओ, भारत बचाओ अभियान’’ का नाम दिया जाएगा । यह पूछे जाने पर कि क्या उनका लक्ष्य नयी पार्टी का गठन करना है, तंवर ने कहा, ‘‘अभी नहीं, लेकिन भविष्य में हम इस पर फैसला करेंगे । हमने इस पर कोई चर्चा नहीं की है ।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने महसूस किया कि लोगों के मुद्दों को कोई नहीं उठा रहा है। सभी मुद्दों पर विभिन्न पार्टियां एक दूसरे पर आरोप लगाने में व्यस्त हैं ।’’


Download Android App
Download iOS App



