गुरुग्राम: साइबर सिटी में आधा दर्जन बदमाशों ने दिन दहाड़े गैस एजेंसी से नकदी लूटकर गुरुग्राम पुलिस की सुरक्षा की पोल खोल दी। घटना सेक्टर-5 थाना क्षेत्र की है। जबकि सुरक्षा की दृष्टि से यहां पर पीसीआर लगी है और पुलिस भी तैनात रहती है। इन सबके बावजूद बदमाश दिन दहाड़े लूट की वारदात कर फरार हो गए। लूट की सूचना मिलते ही एसीपी महेंद्र सेठी, डीसीपी सुमित कुमार और तमाम क्राइम टीम घटना स्थल पर पहुंच गई। देखते ही देखते पुलिस ने चारों तरफ नांकाबंदी कर दी। इसके अलावा पुलिस ने दिल्ली, बहादुरगढ़, झज्जर और फरीदाबाद में वायरलेस बीटी भी की, ताकि नाकाबंदी कर अपराधियों को दबोचा जा सके। हालांकि डीसीपी सुमित कुमार ने कहा कि लूट की घटना चार लाख 18 हजार की है और मामला गंभीर है।
बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए क्राइम ब्रांच की चार टीमों का गठन किया गया है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि बेचारी पुलिस जिस दिन लुटेरों को पकडऩे का दावा करती है उसी दिन लूट हो जाती है। बदमाश गुरुग्राम पुलिस पर भारी पड़ते नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने गैस गोदाम के मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को करीब 12 बजे आधा दर्जन बदमाशों ने हथियारों के बल पर शीतला गैस गोदाम पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने गोदाम में घुसते ही हथियार लहराते हुए वहां पर मौजूद कर्मचारियों को अपने निशाने पर ले लिया।
बदमाशों ने कैशियर से 4 लाख 18 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दिन दहाड़े हुई लूट की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर सेक्टर-5 थाना पुलिस के अलावा एसीपी महेंद्र सेठी, डीसीपी सुमित कुमार और तमाम क्राइम टीम पहुंच गई और जांच में जुट गई। एसीपी महेंद्र सिंह राठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि इसमें किसी कर्मचारी की मिलीभगत हो सकती है इस संदर्भ में भी पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। राठी के अनुसार पुलिस ने गुरुग्राम के अलावा दिल्ली, फरीदाबाद, झज्जर, पटौदी, बहादुरगढ़ वायरलेस बीटी करा दी है। उन्होंने बताया कि आस पास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।
– सतबीर भारद्वाज


Download Android App
Download iOS App



