रेवाड़ी: रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार से आज प्रत्येक वर्ग परेशान है। पिछले तीन साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन विकास के नाम पर सरकार ने एक ईंट भी नहीं लगाई है। विशेषकर दक्षिण हरियाणा के साथ भाजपा जमकर भेदभाव कर रही है। लोगों का मोह भाजपा से पूरी तरह भंग हो चुका है। जिसका खामियाजा सरकार को आगामी समय में उठाना पड़ेगा। श्री हुड्डा रेवाड़ी में अनेक स्थानों पर आयोजित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत करने के उपरांत लोगों को संबोधित कर रहे थे। सांसद ने कोनसीवास रोड़ स्थित भूपेंद्र यादव पुत्र कैप्टेन महावीर सिंह के आवास पर आयोजित जलपान कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार की जमकर आलोचना की।
श्री हुड्डा ने मौहल्ला विजय नगर में दीपक यादव के निवास पर कन्या कुआं पूजन कार्यक्रम में शिरकत की तथा नवजात कन्या को आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कन्या जन्म पर कुआं पूजन करना एक सराहनीय पहल है। इस प्रकार के कदमों से समाज में जागृति आती है। जागरुकता के चलते अब लोग कन्या भ्रूण हत्या को महापाप मानने लगे हैं। इस जागृति से लिंगानुपात में भी सुधार आया है। उन्होंने कहा कि कन्या जितनी शिक्षित होगी, समाज उतना ही विकसित होगा। एक कन्या कई परिवारों को आगे बढ़ाती है। इसी क्रम में उन्होंने जीतू प्रजापत पुत्र ठेकेदार कोकी प्रधान के निवास पर जलपान कार्यक्रम में हिस्सा लिया व नवदंपति को आशीर्वाद दिया। उन्होंने पत्रकार शशि सैनी के घर पहुंचकर उनकी माता के निधन पर भी शोक जताया। इसके बाद उन्होंने कृष्ण लखेरा के पिता के निधन पर भी शोक व्यक्त किया।


Download Android App
Download iOS App



