जींद : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से सांसद बनकर उनका सफर दिल्ली से होता हुआ चंडीगढ़ पहुंचेगा, ताकि वे इस क्षेत्र के लिए कुछ खास कर सकें। कांग्रेस शासन काल के दौरान जींद के लिए बहुत कुछ करने का प्रयास किया। इसके बावजूद भी यदि कुछ कमी रह गई है तो उसे वे इस बार पूरी तरह से दूर कर देंगे। जींद मेरी मां की भूमि है, इसलिए जो कार्य करने का कर्ज मेरे ऊपर है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करूंगा। इस बार अप्रत्यक्ष नहीं, प्रत्यक्ष तौर पर जींद से जुडऩे आया हूं।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं सोनीपत संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार को जींद के कांग्रेस भवन में जींद, जुलाना,सफीदों हलकों के कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। कार्यकर्ता बैठक से पहले पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा जींद बार में पहुंचे और वकीलो से समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान जींद क्षेत्र में अनेकों विकास कार्य करवाये गए, वहीं यहां के तीन नेताओं को मंत्री बनाया गया था। उन्होंने बीरेंद्र सिंह का नाम लिये बगैर कहा कि जिस व्यक्ति के पास खजाने की चाबी थी, उसे विकास कार्यों पर खुले दिल से खर्च करने की छूट थी।
इसके बाद भी कुछ ना करें तो इसमें मेरी क्या गलती है। कार्यक्रम में तीन घंटे देरी से पहुंचे हुड्डा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि आज जो पसीना बहाया जा रहा है, वह खाली नहीं जाएगा। यह मेहनत न केवल सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में बल्कि पूरे हरियाणा प्रदेश में रंग लाने का काम करेगी। हुड्डा ने कहा कि देश व प्रदेश की राजनीति करवट ले रही है। आज लोकसभा का चुनाव देश व प्रदेश के लिए असाधारण चुनाव है। डा. भीमराव अंबेडकर ने जो संविधान दिया था,वो खतरे में है। आपके समक्ष यह ऐतिहासिक मौका आया है कि आप इसमें एक बड़ी भूमिका अदा करें। मैं सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से कांगे्रस का उम्मीदवार हूं,समझिये मेरा लक्ष्य सांसद बनना नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



