नई दिल्ली : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा है कि भाजपा सरकार की विफलता ही कांग्रेस का सबसे बड़ा मुद्दा है। कांग्रेस पार्टी 24 अक्टूबर को प्रदेश की जनता को नई सरकार देने जा रही है। वह दिल्ली में पत्रकारों से बात कर रही थीं। उन्होंने कहा कि पांच साल के काम के नाम पर मुख्यमंत्री के पास दिखाने को कम और छिपाने को ज्यादा है।
भाजपा ने झूठ की राजनीति कर प्रदेश में सत्ता हासिल की थी लेकिन अब उसे परेशान जनता को जवाब देने का समय आ गया है। चुनाव के ऐलान के साथ ही अब लोग मुख्यमंत्री से पिछले पांच साल का हिसाब मांग रहे हैं। वोटर कह रहे हैं कि पहले पिछला हिसाब दो फिर वोट मांगो। ऐसे में तय लग रहा है कि हरियाणा की जनता दिवाली कांग्रेस सरकार के साथ मनाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष के नाते अब यकीन हो चुका है कि तमाम गिले शिकवे और भेदभाव मिटाकर कांग्रेस के लोग घर घर जाकर लोगों का दरवाजा खटखटाएंगे। कांग्रेस के लोग समझते हैं कि अब झूठ की राजनीति करने वाली भाजपा को जवाब देने का समय आ गया है। इस समय प्रदेश में बहुत सारे मुद्दे हैं। हर वर्ग के कर्मचारी धरने पर बैठे हैं। उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही, बल्कि उन पर लाठियां चलाई जा रही हैं।
भाजपा का संवाद में नहीं, एकतरफा फैसले लेने में विश्वास
भाजपा संवाद में नहीं, एकतरफा फैसले लेने में विश्वास रखती है। बेरोजगारी के मामले में हरियाणा पहले नंबर पर है। पूरे राज्य में फैक्ट्रियां बंद होती जा रही हैं तो रोजगार मिले कहां से। क्राइम का ग्राफ यहां सबसे ज्यादा है। दलितों पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है। सरकार ने इस संबंध में 2016 के बाद आंकड़े जारी नहीं किए हैं।
ड्रग्स माफिया अपनी जड़ें जमा चुका है। पार्टी के टिकट वितरण को लेकर 1110 लोगों में रोष हो सकता है, लेकिन वे पार्टी से अलग नहीं हैं। मुझे यकीन है कि चुनाव प्रचार के दौरान वे लोग भी पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करते नजर आएंगे। चूंकि, 1200 आवेदकों में से 90 को ही टिकट मिलना था।


Download Android App
Download iOS App



