हिसार: वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कांग्रेस व इनेलो नेताओं को चुनौती देते हुए दावा किया कि वर्तमान भाजपा सरकार के तीन साल के कार्यकाल के दौरान अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग के कल्याण व विकास के लिए जितने कार्य हुए हैं उतने कांग्रेस-इनेलो की सरकारों के दौरान दशकों में भी नहीं हुए। भूपेंद्र हुड्डा सरकार के कार्यकाल के दौरान अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को मिलने वाले वजीफे का वर्तमान सरकार ने भुगतान करते हुए इनके अब तक के बैकलॉग को पूरा कर किया है। कैप्टन अभिमन्यु आज गांव खांडाखेड़ी में 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) के भूमि पूजन कार्यक्रम के पश्चात ग्रामीण जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि भाजपा को किसान विरोधी कहने वाले कांग्रसी नेता इस तथ्य को झुठलाना चाहते हैं कि मनमोहन सिंह की केंद्र व भूपेंद्र हुड्डा की राज्य सरकारों ने अपने 10 साल के कार्यकाल के दौरान गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में केवल 310 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की थी जबकि वर्तमान भाजपा सरकार केवल तीन साल के कार्यकाल में ही इसमें 335 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर चुकी है। इतना ही नहीं, भूपेंद्र हुड्डा सरकार द्वारा 10 साल के कार्यकाल में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को 810 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया था जबकि वर्तमन सरकार 3 साल में ही किसानों को 3000 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित कर चुकी है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार का काफी बकाया मुआवजा भी वर्तमान सरकार ने किसानों को दिया है। पिछली सरकारों में विवाह शगुन योजना के तहत मिलने वाली 31 हजार रुपये की सहायता राशि को वर्तमान सरकार ने पहले 41 हजार और फिर इसी खांडाखेड़ी की धरती से 51 हजार रुपये किया है।
उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस व इनेलो शासन के दौरान करवाए गए विकास कार्यों के मुकाबले वर्तमान सरकार द्वारा तीन साल में करवाए गए विकास कार्यों पर किसी भी विपक्षी नेता से बहस को तैयार हैं। वित्तमंत्री ने कहा कि मेरा लक्ष्य केवल 50-100 लोगों को नौकरी देना नहीं बल्कि क्षेत्र में ऐसे आधारभूत ढांचे का विकास करना है जिससे यहां रोजगार अपने आप पैदा हों। उन्होंने संकल्प दोहराते हुए कहा कि वे विकास की ऐसी नींव रख जाएंगे कि लोगों को किसी के आगे हाथ फैलाने की नौबत नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि मैं पैसे, कारोबार, गाड़ी, कोठी या चौधर के लिए राजनीति में नहीं आया हूं बल्कि समाज और देश को आज से ज्यादा बेहतर करने के उद्देश्य से राजनीति में आया हूं।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।
(राज पराशर)


Download Android App
Download iOS App



