यमुनानगर : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डा अशोक तंवर ने सरस्वती नदी में पानी लाने के लिए खट्टर सरकार की योजना को बड़ा घोटाला बताया है। 260 करोड़ रुपए खर्च करने के बाद सरस्वती नदी में पानी की बूंद नही आने से बड़ा कोई प्रमाण नहीं हो सकता। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने खट्टर सरकार पर यह आरोप हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ साइकिल यात्रा के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए लगाया। डा अशोक तंवर ने वीरवार को मुलाना के दोसडका गुरुद्वारा में माथा टेककर चौथे दिन की यात्रा आरम्भ की। दोसडक़ा से कांग्रेस की साइकिल यात्रा साढौरा, बिलासपुर, जगाधरी होते हुए फर्कपुर पहुंची।
मार्ग में डा अशोक तंवर का सिरोपा भेंट, फूलमालाओं और पगड़ी बांध कर स्वागत हुआ। साइकिल यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं के लिए अनेक गांवों में जलपान की व्यवस्था की गई और भाजपा और इनेलो को हरियाणा से भगाने के लिए कांग्रेस के संघर्ष को मजबूत करने का भरोसा दिया। साढौरा से पहले अशोक तंवर ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को सलाम करते हुए खेतों में काम कर रही महिलाओं का हाल जाना और उनका आशीर्वाद लिया।
वही साढौरा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए तंवर ने कांग्रेस की हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ साइकिल यात्रा को राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाने का अश्वमेघ यज्ञ बताया। भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी के बावजूद आडम्बरों पर जनता की गाढ़ी कमाई को लुटाने में भाजपा लगी है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– संदीप शर्मा


Download Android App
Download iOS App



