चंडीगढ़ : हरियाणा के वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने आज व्यापाारियों से किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए दावा किया कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। श्री अभिमन्यु नारनौंद में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधी परियोजना के तहत जन-औषधी केंद का शुभारंभ करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक जुलाई से पूरे देश में लागू होने जा रहा जीएसटी कानून देश की कर व्यवस्था में एकरूपता लाएगा। और अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा सुधार कार्यक्रम साबित होगा।
उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू होने से आमजन को महंगाई से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के 50 प्रतिशत व्यापारी और कारोबारी तो जीएसटी के दायरे से बाहर रहेंगे और उन पर जीएसटी का कोई प्रभाव भी नहीं होगा। उन्होंने कहा कि 20 लाख रुपये तक के टर्नओवर वाले व्यापारी के लिए किसी प्रकार का कोई फार्म भरने की बाध्यता नहीं होगी। प्रदेश के 20 से 75 लाख तक के सालाना टर्नओवर वाले व्यापारियों को कंपोजिशन योजना के दायरे में लाया गया है जिसके तहत इन्हें तीन महीने में एक पेज की एक रिटर्न भरनी होगी। इस तरह साल में उन्हें केवल चार रिटर्न ही भरनी होंगी।
उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने आमजन को कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध करवाने के मकसद से विशेष अभियान चलाया है। इसी से प्रेरित होकर प्रदेश में जगह-जगह जन-औषधी केंद खोले जा रहे हैं। इस केंद पर आमजन को बुखार से लेकर कैंसर की बीमारी तक की दवाएं सस्ती दरों पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों पर एक-तिहाई से लेकर 10 गुणा तक कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध होती हैं।


Download Android App
Download iOS App





