हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि 14 दिसम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा आयोजित की जा रही देशव्यापी भारत बचाओ रैली में हरियाणा प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग हिस्सा लेंगे। यह रैली ऐतिहासिक होगी और कांग्रेस के तमाम लोग नए सिरे से एक नई शुरूआत करेंगे। इसके लिए हरियाणा कांग्रेस द्वारा शहर से लेकर गांव तक बैठकें की जा रही हैं, जिन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
बातचीत के दौरान ने बताया कि कुमारी शैलजा ने कहा कि आज देश के हर वर्ग में घोर निराशा छाई हुई है, भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश का हर वर्ग हर वर्ग त्रस्त है। सरकार के गलत फैसलों और जन विरोधी नीतियों के कारण अर्थव्यवस्था पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है। हजारों उद्योगों पर ताले लटक चुके हैं और लाखों लोगों की नौकरियां जा चुकी है।
जीडीपी 6 साल में सबसे कम है और बेरोजगारी 45 साल में सबसे अधिक है। मंदी और तालाबंदी इस सरकार की पहचान बन गई है। हरियाणा प्रदेश में भी मंदी का बड़ा असर हुआ है। हरियाणा प्रदेश में हजारों छोटे-बड़े उद्योग बंद हो चुके हैं और लाखों लोगों की नौकरियां छिन चुकी हैं। आज प्रदेश की बेरोजगारी दर पूरे देश में सबसे अधिक है। पिछले 5 वर्षों में बड़े बैंक घोटाले हुए हैं।
देश के इतिहास में पहली बार कृषि से जुड़ी वस्तुओं पर टैक्स थोपा गया। शैलजा ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस भाजपा सरकार की इन जनविरोधी नीतियों को बेनकाब करने के लिए 14 दिसम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में देशव्यापी भारत बचाओ रैली का आयोजन कर रही है। इस रैली में हरियाणा प्रदेश से बड़ी संख्या में भागीदारी होगी।