लोहारू: प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल आज लोहारू हलके की झुप्पा-सोरा आदि नहरों की टेल का निरीक्षण करेंगे और विभिन्न गावों में रोड शो करते हुए किसानों व ग्रामीणों से रूबरू होंगे। मुख्यमंत्री का चोपर बहल में उतरेगा और कार्यक्रम की समाप्ति के पश्चात वहीं से वापिस रवाना होंगे। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जेपी दलाल व आला अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। जेपी दलाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली। पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी दलाल ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल दक्षिण हरियाणा को नहरी पानी देने के लिए बहुत गंभीर हैं जिसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वे स्वयं दक्षिणी हरियाणा की नहरों और नहरी पानी की स्थिति की मानीटरिंग कर रहे हैं।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री 12 अगस्त को लोहारू हलके की सोरा-झुप्पा सहित विभिन्न नहरों की टेल का निरीक्षण करेंगे जिनमें 20-25 साल बाद पानी आया है। मुख्यमंत्री 12 अगस्त को बीआरसीएम बहल के हैलीपेड पर उतरेंगे और नहरों की टेलों का निरीक्षण कर गावों का दौरा करेंगे तथा ग्रामीणों से बात करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एसवाईएल के नाम पर अन्य दल तो मात्र राजनीति कर रहे हैं जबकि इसका पानी भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री मनोहरलाल ही ला सकते हैं और लाएंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने एक रोड़ मैप बनाया है और वे लोहारू सहित दक्षिणी हरियाणा के नहरी पानी की चोरी नहीं होने देंगे।
उन्होंने बताया कि लोहारू हलके के 20-25 साल के नौजवानों ने तो अपने जन्म के बाद यहां की नहरों में पहली बार टेल तक पानी देखा है और अब हम ऐसी योजना पर काम कर रहे हैं जिसके तहत नहरी पानी को रोक कर भूमिगत जल का रिचार्जेशन किया जा सके। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ 12 अगस्त को अधिकारी व इंजीनियर भी आएंगे और कोई कमी पाई गई तो उसे पूरा किया जाएगा। जेपी दलाल ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल चौथी बार लोहारू आ रहे हैं जिससे पता चलता है कि वे इस हलके के विकास के लिए कितने गंभीर हैं।
(श्योराण)


Download Android App
Download iOS App



