‘मारने का था इंटेंट’, गुरुग्राम हिट एंड रन मामले में पुलिस का बयान आया सामने

Summary :

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने गांव पहुंचा, जहां मीडिया को इंटरव्यू देने के तुरंत बाद अपना मोबाइल स्विच ऑफ करके गायब हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश में तीन विशेष टीमें लगाई थीं। जांच के आधार पर पुलिस ने केस में हत्या के प्रयास समेत महिलाओं के उत्पीड़न की नई धाराएं जोड़ दी हैं।

Gurugram Hit and Run Case

Gurugram Hit and Run Case : गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर  महिला बाइकर को कार से जोरदार टक्कर मारकर फरार होने वाले आरोपी कल्याण बैंसला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच सोहना की पुलिस टीम ने मंगलवार तड़के राजस्थान में दौसा और राजगढ़ के बीच से आरोपी को दबोचा।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने गांव पहुंचा, जहां मीडिया को इंटरव्यू देने के तुरंत बाद अपना मोबाइल स्विच ऑफ करके गायब हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश में तीन विशेष टीमें लगाई थीं। जांच के आधार पर पुलिस ने केस में हत्या के प्रयास समेत महिलाओं के उत्पीड़न की नई धाराएं जोड़ दी हैं।

केस में बढ़ीं हत्या के प्रयास और स्टॉकिंग की गंभीर धाराएं

डीसीपी ईस्ट संदीप कुमार के अनुसार, घटनास्थल की बारीकी से जांच और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद एफआईआर में बीएनएस की धारा 109 (हत्या का प्रयास) जोड़ी गई है।

इसके अतिरिक्त, पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद उसका पीछा करने और परेशान करने से जुड़ी भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 और 79 भी बढ़ा दी गई हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हुई कार को भी जब्त कर लिया है, जो आरोपी के दोस्त के नाम पर पंजीकृत है।

इस दौरान पुलिस ने बयान देते हुए कहा कि आरोपी ने जानबूझ कर पीड़िता को टक्कर मारी थी,उन्होंने कहा, आरोपी ने जो टक्कर मारी है वो साइड से जानबूझ के मारी है क्योंकि ऑलरेडी उनका आर्गुमेंट हो चुका था और जो पीड़ित महिला हैं उन्होंने भी अपने कथन में यही अंकित करवाया है कि उन्होंने जान से मारने की नियत थी।

पुलिस ने बयान में कहा, “आरोपी द्वारा जो अटेम्प्ट किया गया अपनी तरफ से उसका इंटेंट उनको मारने का ही था।”

हिरासत से भागने के चक्कर में गिरा आरोपी

पुलिस कस्टडी में आने के बाद आरोपी कल्याण बैंसला ने टॉयलेट जाने के बहाने चकमा देकर भागने की कोशिश की। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वह जमीन पर गिर पड़ा, जिससे उसके हाथ में चोट आई है। पुलिस ने तुरंत उसका प्राथमिक उपचार कराया। आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है।

यह भी पढ़ें – राजस्थान के राजगढ़ में छिपा था गुरुग्राम हिट एंड रन आरोपी कल्याण बैंसला, गुरुग्राम पुलिस ने हिरासत में लिया

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।