Gurugram Parking Accident : हरियाणा के गुरुग्राम में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है जहां सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी में मंगलवार शाम एक थार गाड़ी की टक्कर से 57 वर्षीय हाउस हेल्पर की दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने वाली गुड्डी के रूप में हुई है, जो इसी सोसाइटी के मकान नंबर 4011 में काम करती थी। मंगलवार शाम काम खत्म करने के बाद वह ग्राउंड फ्लोर पर बनी स्टिल्ट पार्किंग में लेटी हुई थी। इसी दौरान चौथी मंजिल पर रहने वाली फ्लैट मालकिन अपनी थार गाड़ी बैक कर रही थी, तभी गाड़ी का टायर गुड्डी के ऊपर चढ़ गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे का अहसास होते ही कार चला रही महिला नीचे उतरी और आनन-फानन में घायल गुड्डी को एक नजदीकी प्राइवेट हॉस्पिटल ले गई। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे किसी बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी महिला दम तोड़ चुकी गुड्डी के शव को वापस सोसाइटी ले आई और उसी पार्किंग में रख दिया जहां हादसा हुआ था।
पार्किंग में लहूलुहान शव देखकर सोसाइटी के लोग दंग रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतका के भतीजे ने बताया कि शव को इस तरह वापस पार्किंग में छोड़े जाने के बाद वहां भारी भीड़ जमा हो गई थी और लोगों में काफी गुस्सा था।
सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू
सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि थार गाड़ी को जब्त कर लिया गया है और आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है।
हादसे की सही कड़ियों को जोड़ने के लिए पुलिस पार्किंग और घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल परिजनों की तरफ से लिखित शिकायत का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें – PM Modi Haryana Visit: जींद से हरियाणा को मिलेगी बड़ी सौगात, दो साल में बदली विकास की तस्वीर


Download Android App
Download iOS App




