प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा दौरा हर बार किसी न किसी महत्वपूर्ण परियोजना के साथ जुड़ा रहा है। 9 दिसंबर 2024 को पानीपत में उन्होंने एलआईसी की बीमा सखी योजना की राष्ट्रीय शुरुआत की थी। इसी कार्यक्रम में महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय की आधारशिला भी रखी गई थी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और बागवानी शिक्षा को बढ़ावा देना था।इसके बाद 14 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री हिसार पहुंचे, जहां उन्होंने महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का शिलान्यास किया। इसी दौरान हिसार से अयोध्या के लिए पहली हवाई सेवा को भी रवाना किया गया। इससे हरियाणा की हवाई कनेक्टिविटी को नई दिशा मिली।
कई जिलों में विकास परियोजनाओं को मिली गति
प्रधानमंत्री मोदी ने यमुनानगर में भी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। वहीं, कुरुक्षेत्र और सोनीपत के दौरे के दौरान भी विकास कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा मिला। इन परियोजनाओं का उद्देश्य प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री की विकास सोच को आगे बढ़ाते हुए सरकारी योजनाओं के समय पर क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया। सरकार की ओर से लगातार समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाया गया। सरकार का दावा है कि चुनाव के दौरान किए गए 217 संकल्पों में से अब तक 63 वादों को पूरा किया जा चुका है। राज्य सरकार का कहना है कि विकास कार्यों की गति बनाए रखने और लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार काम कर रहा है।
केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल
पिछले दो वर्षों में केंद्र और हरियाणा सरकार के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला है। सरकार का मानना है कि इसी तालमेल के कारण प्रदेश में कई बड़े विकास कार्य समय पर पूरे हो सके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कई अवसरों पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है और हरियाणा के विकास को लेकर सकारात्मक संदेश दिया है।
अब सभी की निगाहें 17 जुलाई पर टिकी हैं, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद पहुंचेंगे। इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाना होगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री कई अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इस दौरे को हरियाणा के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इन नई परियोजनाओं से प्रदेश के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और हरियाणा देश के विकास में अपनी मजबूत भूमिका और आगे बढ़ाएगा।























