हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट में एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। मंगलवार को हरियाणा के पूर्व सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा के पिता नंदकिशोर गोयनका के पार्थिव शरीर को चार्टर्ड प्लेन के जरिए मुंबई से हिसार लाया जा रहा था। पायलट ने जिस रनवे पर प्लेन लैंड करना था, उसने उसके बजाय गलती से बंद रनवे पर लैंड करवा दिया। इस दौरान चार्टर्ड प्लेन कैट आई से टकरा गया।
चार्टर्ड प्लेन से लाया जा रहा था पार्थिव शरीर
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पूर्व सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा के पिता नंद किशोर गोयनका का सोमवार को मुंबई में निधन हो गया। 96 वर्ष के नंद किशोर पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। मंगलवार को प्लेन के जरिए उनके पार्थिव शरीर को मुंबई से हिसार लाया जा रहा था। पायलट ने प्लेन को नए चालू रनवे के बजाय पुराने रनवे पर लैंड करवा दिया। इस दौरान प्लेन की ‘कैट्स आई’ से भीषण टक्कर हो गई। हालांकि प्लेन में मौजूद लोगों और पायलट को कोई चोट नहीं आई है। अच्छी बात ये रही कि उस वक्त उस रनवे पर कोई और प्लेन नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
प्लेन में कौन-कौन मौजूद था?
हादसे का शिकार हुए इस प्लेन में पूर्व राज्यसभा सांसद सुभाष चंद्रा की पत्नी सुशीला और परिवार के अन्य लोग मौजूद थे। नंदकिशोर गोयनका के पार्थिव शरीर को मुंबई से हिसार लाया जा रहा था। सुभाष चंद्रा खुद उन्हें लेने के लिए एयरपोर्ट पहुंचने वाले थे।
हवाई अड्डा प्रशासन ने लिया संज्ञान
सूत्रों के मुताबिक, हवाई अड्डा प्रशासन ने इस गंभीर लापरवाही पर संज्ञान लिया है। घटना के बाद एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई गई इसमें शामिल एक अधिकारी ने बताया, “हम इस पूरी घटना और परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है ये हादसा पायलट की गलती की वजह से हुआ है।


Download Android App
Download iOS App




