हरियाणा के गुरुग्राम में खुले में नमाज पढ़ने के मामले में पहली बार हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मामले में पहली बार मीडिया से रूबरू हुए गृह मंत्री अनिल विज ने धार्मिक आयोजन करने वाले सभी लोगों को बड़ी राय दी है। अनिल विज ने कहा कि अगर किसी को भी कोई धार्मिक आयोजन करना है तो वो अपने धार्मिक स्थानों के अंदर ही करने चाहिए , रास्तों पर बिना प्रशासन की इजाजत के ऐसे आयोजन करने से बचना चाहिए।
किसान नेता नहीं चाहते मसले का हल
रविवार को वह अंबाला जिले में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। किसान नेता राकेश टिकैत के 26 नवंबर तक तीन कृषि कानून रद्द करने के अल्टीमेटम के सवाल पर विज ने कहा कि किसान नेता ही इस मामले का समाधान नहीं चाहते। विज ने कहा कि सरकार ने किसानों को अनेकों बार बातचीत के लिए बुलाया है, लेकिन अनजान कारणों से ये बातचीत में शामिल नहीं होना चाहते। इनके आंदोलन के पीछे क्या राजनीति है वह यही जानते हैं, लेकिन ये इसका समाधान नहीं चाहते।
‘राहुल गांधी को नजर नहीं आता विकास’
राहुल गांधी के ट्वीट (पीएम मोदी के विकास की गाड़ी रिवर्स गियर में चल रही है और इसके ब्रेक भी फेल हो चुके हैं) पर विज ने पलटवार किया है। अनिल विज ने कहा कि जितने विकास के काम पीएम मोदी के 7 साल के कार्यकाल में हुए हैं, उतने आजादी के बाद से लेकर अब तक नहीं हुए थे। अब अगर राहुल गांधी को यह नजर नहीं आता तो इसका कुछ नहीं किया जा सकता है।


Download Android App
Download iOS App



