हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतदान के दौरान नूंह जिले के एक गांव में एक चुनाव बूथ के बाहर दो समूहों के बीच हुई झड़प में एक महिला घायल हो गई। नूंह की पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया ने बताया कि मलाका गांव में चुनाव बूथ के बाहर मौजूदा सरपंच और पूर्व सरपंच के बीच किसी बात पर बहस हो गई। इसके बाद दोनों के समर्थक आपस में भिड़ गए।
उन्होंने कहा कि इस दौरान पथराव भी हुआ जिसमें एक महिला घायल हो गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना के चलते चुनाव प्रक्रिया बाधित नहीं हुई और स्थिति अब सामान्य है। कालिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मलाका गांव नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र में पड़ता है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों समूहों के बीच पुरानी दुश्मनी घटना का कारण बताई जाती है। नूंह जिले में कुछ जगहों पर गोलीबारी और संघर्ष की घटनाओं की भी खबर है, लेकिन पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ये घटनाएं चुनाव से संबंधित नहीं हैं और पुलिस इस बारे में ब्योरा जुटाने की कोशिश कर रही है। राज्य की 90 विधानसभा सीटों के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा।


Download Android App
Download iOS App



