टीकाकरण पर बनवारी लाल ने जनता को दिलाया भरोसा, कहा- जिन्हें पहली डोज लगी है उन्हें दूसरी अवश्य लगेगी

Summary :

हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया है कि वे कोविड 19 प्रतिरक्षक टीके को लेकर भ्रमित न हों तथा जिन्हें इसकी पहली डोज लगी है उन्हें दूसरी अवश्य लगेगी।

हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया है कि वे कोविड 19 प्रतिरक्षक टीके को लेकर भ्रमित न हों तथा जिन्हें इसकी पहली डोज लगी है उन्हें दूसरी अवश्य लगेगी। बनवारी लाल ने आज नागरिक अस्पताल में कोविड मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि पीएचसी, सीएचसी और उप केंद्रों पर वैक्सीन लगाने का कार्य किया जायेगा। 
इस मौके पर उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश देने के साथ यह भी कहा कि ब्लैक फंगस से निपटने के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके ईलाज के लिए मैडिकल कॉलेज निर्धारित किये गये हैं और जरूरत हुई तो जिला अस्पतालों को भी निर्धारित किया जाएगा। सहकारिता मंत्री ने नागरिक अस्पताल में 18 से 44 तथा 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए अलग-अलग बनाये गये काउंटर पर चल रहे टीकाकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए टीका लगवाने आए लोगों से बातचीत की। 
उन्होंने बताया कि रेवाड़ में 25 केंद्रो पर टीकाकरण कार्य संतोषजनक ढंग से चल रहा है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण ऐसा हथियार है जिसके दम पर कोरोना महामारी को रोक सकते हैं इसलिए बारी आने पर टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने अस्पताल में ऑक्सीजन संयंत्र निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया तथा इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने अस्पताल में ऑक्सीजन स्टॉक की भी जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे राज्य परिवहन की बसों से बनाई गई एम्बुलैंस में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चत करें। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर भी आ सकती है उससे निपटने के लिए अभी से पूरी तैयारी की जाए। 
उन्होंने अस्पताल में पोस्ट कोविड केयर सैंटर का भी निरीक्षण किया और कहा कि केंद्र और राज्य सरकार कोरोना को लेकर पूरी तरह सजग एवं सतर्क हैं। बनवारी लाल ने कहा कि लोगों की रोजी-रोटी को ध्यान में रखकर सरकार ने लॉकडाउन में ढील दी है।लोगों को चाहिए कि वे लॉकडाउन के नियमों का पालन करें और सरकार और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने इससे पूर्व बावल अस्पताल में भी कोविड से सम्बंधित आवश्यक सुविधाओं, वैक्सीनेशन, आइसोलेशन वार्ड, एम्बुलैंस बसों का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।

Desk Team