Haryana: अंबाला में गरमाई सियासत, सुपर सकर मशीन यमुनानगर भेजने पर छिड़ा विवाद!

Summary :

Haryana: अंबाला की राजनीति इन दिनों तेजी से गर्म हो रही है। पानी निकासी की समस्या पर चल रही बहस अभी थमी भी नहीं थी, कि अब एक नया मुद्दा सामने आ गया है। अंबाला शहर के विधायक निर्मल सिंह ने नगर निगम द्वारा सुपर सकर मशीन यमुनानगर भेजे जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रेस नोट जारी कर इस फैसले पर नाराजगी जताई और इसे अंबाला की जनता के साथ अन्याय बताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, निर्मल सिंह ने सवाल किया कि जब अंबाला में जल निकासी की समस्या बनी हुई है, तो नगर निगम ने यहां की मशीनें…

Haryana: अंबाला की राजनीति इन दिनों तेजी से गर्म हो रही है। पानी निकासी की समस्या पर चल रही बहस अभी थमी भी नहीं थी, कि अब एक नया मुद्दा सामने आ गया है। अंबाला शहर के विधायक निर्मल सिंह ने नगर निगम द्वारा सुपर सकर मशीन यमुनानगर भेजे जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रेस नोट जारी कर इस फैसले पर नाराजगी जताई और इसे अंबाला की जनता के साथ अन्याय बताया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, निर्मल सिंह ने सवाल किया कि जब अंबाला में जल निकासी की समस्या बनी हुई है, तो नगर निगम ने यहां की मशीनें किसी और जिले को क्यों भेज दीं? उन्होंने इस कदम को जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करने वाला बताया।

AMC दीपक सूरा ने दिया जवाब

इस पर नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त (AMC) दीपक सूरा ने सफाई दी। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले पंचकूला में नगर निगम अधिकारियों की एक बैठक हुई थी। इस बैठक में यमुनानगर के निगम कमिश्नर ने लिखित रूप से सुपर सकर मशीन की मांग की थी।

दीपक सूरा ने बताया कि यमुनानगर में जलभराव की स्थिति बहुत गंभीर थी। ऐसे में वहां राहत कार्य के लिए मशीन भेजना जरूरी हो गया था। अंबाला में उस समय मौसम साफ था और यहां पर सुपर सकर की ज्यादा जरूरत नहीं थी। इसलिए मशीन कुछ समय के लिए यमुनानगर भेजी गई।

मशीन समय पर लौट आई

AMC ने यह भी बताया कि मशीन को वापस लाने में सिर्फ एक दिन की देरी हुई क्योंकि बीच में रविवार था। अब वह मशीन अंबाला वापस आ चुकी है और काम पर लग चुकी है।

जिलों में आपसी सहयोग पर दिया जोर

दीपक सूरा ने आगे कहा कि अक्सर आस-पास के जिले एक-दूसरे की मदद करते रहते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि हाल ही में अंबाला में आयोजित राज्य स्तरीय तीज महोत्सव के दौरान भी अंबाला नगर निगम ने पास के शहरों से मोबाइल टॉयलेट मंगवाए थे। इसी तरह, जब दूसरे जिलों को जरूरत होती है तो हम भी सहयोग करते हैं।

राजनीति या जरूरत?

इस पूरे मामले में सवाल यह है कि क्या सुपर सकर मशीन भेजने का फैसला प्रशासनिक जरूरत थी या यह राजनीतिक मुद्दा बन गया है। जहां निगम इसे जरूरत बताकर सही ठहरा रहा है, वहीं विधायक इसे जनता की अनदेखी करार दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें:-बलात्कार के दोषी पर सरकार मेहरबान! पैरोल पर अचानक बाहर क्यों आया Ram Rahim

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।