फतेहाबाद : बुधवार देर शाम 10 बजे के लगभग चंडीगढ़ से आई सीबीआई की टीम ने सब इंस्पेक्टर प्रभजोत सिंह के नेतृत्व में शहर फतेहाबाद पुलिस को साथ लेकर मॉडल टाऊन में रह रहे आयकर अधिकारी चंद्रभान नारंग के निवास स्थान पर छापा मार कर आयकर अधिकारी चंद्रभान नारंग को रतिया निवासी जसपाल पाली से 50 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की टीम ने आयकर अधिकारी के घर मौजूद उसके भाई महेंद्र नारंग को भी गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने एक सीए को भी इस मामले में गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार जब सीबीआई टीम ने आयकर अधिकारी चंद्रभान नारंग के घर पर छापा मार कर चंद्रभान नारंग को अपनी गिरफ्त में लेना चाहा तो चंद्रभान नारंग व उसके भाई महेंद्र नारंग ने सीबीआई अधिकारियों के साथ हाथापाई की। शहर फतेहाबाद पुलिस ने सीबीआई अधिकारियों से हाथापाई करने के आरोप में आयकर अधिकारी च्रंदभान नारंग व उसके भाई महेंद्र नारंग के विरूद्ध धारा 332, 427, 506 व 186 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया है।
यह भी जानकारी मिली है की आयकर अधिकारी चंद्रभान नारंग व उसके भाई महेंद्र नारंग ने सीबीआई सब इंस्पेक्टर प्रभजोत सिंह के साथ हाथापाई करने के साथ-साथ उसका मोबाइल छीन कर तोड़ डाला। सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई टीम ने सीए के कार्यालय व आयकर कार्यालय में जाकर भी जांच पड़ताल की है। सीबीआई टीम रात भर फतेहाबाद के भूना रोड़ पर स्थित नए रैस्ट हाऊस में रूकी रही। गुरूवार प्रात: सीबीआई टीम सभी तीन आरोपियों को अपने साथ लेकर पंचकुला रवाना हो गई।
सीबीआई की टीम तीनो आरोपियों को सीबीआई की पंचकुला अदालत में पेश करेंगी। फतेहाबाद के भूना रोड़ पर स्थित नए रैस्ट हाऊस में मौजूद इस मामले में शिकायतकर्ता जसपाल पाली ने बताया की उसने सन 2010 में अपने बैंक खाते से बड़ी रकमों को लेनदेन किया था। इसी लेनदेने को लेकर आयकर विभाग ने उसे नोटिस भेज रखा था। पिछले कुछ दिनों से आयकर अधिकारी चंद्रभान नारंग उसे बहुत ज्यादा परेशान कर रहा था। जब उसने इस मामले को निपटाने की बात की तो उससे 1 लाख रूपये रिश्वत की मांग की गई।
उसने इतनी बड़ी राशि देने में असमर्थता जाहिर की तो आयकर अधिकारी चंद्रभान नारंग ने आयकर कार्यालय फतेहाबाद बुलाकर उसे बुरी तरह धमकाया और कहा कि तुम्हे 8 लाख रूपये तक का जुर्माना लग सकता है। जसपाल पाली ने बताया की उसने आयकर अधिकारी चंद्रभान नारंग को बताया कि वह जंमीदार आदमी है उसके बाद बैंक से हुए लेन-देन के सभी कागजात मौजूद है। पाली ने बताया की दिसम्बर माह में उसे आयकर अधिकारी ने बहुत ज्यादा प्रताडि़त किया व मामले को निपटाने के लिए एक सीए के पास जाने के लिए कहा।
जसपाल पाली ने बताया की इसके बाद उसने इस मामले की शिकायत सीबीआई को कर दी। जसपाल पाली ने बताया की पहले उसने चंडीगढ सीबीआई कार्यालय को फोन किया और सारे मामले की जानकारी दी। उसके बाद 31 दिसम्बर को उसने चंडीगढ जाकर सीबीआई कार्यालय में मामले की लिखित शिकायत की। उल्लेखनीय है कि इस मामले में सीबीआई को शिकायत करने वाला जसपाल पाली नगरपालिका रतिया का वाईस चेयरमैन रह चुका है।
– सुनील सचदेवा


Download Android App
Download iOS App



